नई दिल्ली. फाइव स्टार होटल्स में लोग लजीज व्यंजन का लुत्फ उठाने जाते हैं. मगर क्या हो, जब आपको लजीज के नाम पर सड़ा-गला दे दिया जाए? जी हां, फाइव स्टार्स होटलों के काले कारनामों का खुलासा हो गया है. बेंगलुरु के कई फाइव स्टार होटल्स में छापेमारी हुई. इसमें जो नजारे सामने आए, उससे आपको फाइव स्टार्स होटल के खानों पर से भी भरोसा उठ जाएगा. आप भी ‘ऊंची दुकान और फीकी पकवान’ कहावत को सच मान लेंगे. दरअसल, बेंगलुरु के कई फाइव स्टार होटल में रेड के दौरान सड़ा हुआ मीट, एक्सपायर्ड दूध और सड़ी हुई सब्जियां मिली हैं.
कर्नाटक केFood Safety and Drug Administration Department की ओर से बेंगलुरु में शहर भर में किए गए निरीक्षण अभियान में कई लग्जरी होटलों में साफ-सफाई को लेकर गंभीर समस्याएं पाई गईं. हैरानी की बात है कि ताज और शांगरी-ला जैसे होटलों में भी एक्सपायर्ड दूध, सड़ा हुआ मीट और फफूंद लगी सब्जियां मिलीं. समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले इन होटलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए प्रीमियम होटलों में जांच की कि क्या बड़े होटल साफ-सफाई के नियमों का पालन कर रहे हैं. कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री यू.टी. खादर ने कहा कि इन छापों का मकसद सभी तरह के होटलों में खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करवाना था.
कई होटलों में रेड
विभाग ने बेंगलुरु शहरी जिले में 26 3 स्टार और फाइव-स्टार होटलों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की 30 टीमें तैनात कीं. इन टीमों ने बीबीएमपी यानी बृहत् बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) के सभी जोन का दौरा किया. इस टीम ने ‘खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006’ और उससे जुड़े नियमों के पालन की जांच की.
अभियान के दौरान अधिकारियों ने जांच के लिए खाने-पीने की 35 चीजों के सैंपल लिए. इनमें चिकन, मटन, मछली, खाने का तेल, दूध, मसाले, चाय पाउडर, चीज़, टोमैटो सॉस और नींबू का रस शामिल थे. अधिकारियों ने सैंपल लैब में भेजे हैं और आगे की कार्रवाई नतीजों पर निर्भर करेगी.
कहीं सड़ा मांस तो कहीं फंगस लगी सब्जियां
रेड के दौरान निरीक्षकों ने होटलों में कई तरह के उल्लंघन पाए. उन्हें गंदी रसोई, खराब स्टोरेज की स्थिति, एक्सपायर्ड खाने-पीने की चीज़ें और सब्जियों पर फफूंद लगी मिली.
जांच के दौरान अधिकारियों को कई होटलों में गंभीर गड़बड़ियां मिलीं. कुछ जगहों पर किचन की साफ-सफाई ठीक नहीं थी. खाने का सामान भी सही तरीके से नहीं रखा गया था. कई जगहों पर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली. कुछ सब्जियों पर फंगस लगी हुई थी. अधिकारियों ने खाने को संभालने के तरीके पर भी सवाल उठाए. कुछ जगहों पर गलत लेबल वाले उत्पाद मिले. FSSAI के लेबल से जुड़े नियमों का भी उल्लंघन पाया गया. कुछ होटलों में तो शाकाहारी और मांसाहारी सामानों को अलग-अलग भी नहीं रखा गया था.
ड के बाद अधिकारियों ने संबंधित होटल मालिकों को नोटिस जारी किए. साथ ही कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई. अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में असुरक्षित या एक्सपायर्ड खाना जब्त करके नष्ट भी किया. चलिए जानते हैं कि कहां क्या नष्ट किया गया.
ललित अशोक (एनेक्स साउथ) में 76 किलो खराब मीट, 200 किलो सड़ी सब्जियां और 32 लीटर एक्सपायर्ड दूध जब्त करके नष्ट किया गया.
– शांगरी-ला बेंगलुरु में अधिकारियों ने 15 किलो मीट जब्त किया.
– फोर सीजन्स होटल बेंगलुरु में 19 किलो मीट जब्त किया गया.
– विवांता बेंगलुरु व्हाइटफ़ील्ड में तीन किलो एक्सपायर्ड बेकरी आइटम नष्ट किए गए
– ताज यशवंतपुर में अधिकारियों ने 72 किलो मीट और मछली ज़ब्त की.
सबसे अधिक मात्रा रेडिसन ब्लू (द एट्रिया) से जब्त की गई, जहां अधिकारियों ने चिकन, मीट, मछली और सब्ज़ियों समेत 105 किलो एक्सपायर्ड खाना नष्ट किया.
विभाग ने सभी फूज बिजनेस ऑपरेटरों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने और तय मानकों को बनाए रखने का निर्देश दिया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

