मेरठ 16 जुलाई (प्र)। सेना में धर्म शिक्षक, शिक्षा हवलदार नर्सिंग असिस्टेंट और सिपाही फार्मा के लिए भर्ती रैली 27 से 29 जुलाई 2026 तक रानीखेत मिलिट्री स्टेशन पर आयोजित की जाएगी।
भर्ती कार्यालय मेरठ के निदेशक कर्नल सत्यजीत बेबले के अनुसार भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित ऑनलाइन संयुक्त प्रवेश परीक्षा के परिणाम 13 जुलाई 2026 को घोषित कर दिए गए हैं। उम्मीदवार अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट (joinin- dianarmy.nic.in) पर देखें और नियमित रूप से अपने पंजीकृत ईमेल अकाउंट की जांच करते रहें।
सेना भर्ती कार्यालय मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ के धर्म शिक्षक, शिक्षा हवलदार, नर्सिंग असिस्टेंट और सिपाही फार्मा के पदों के लिए सफल उम्मीदवारों की भर्ती रैली और शारीरिक दक्षता परीक्षा एआरओ अल्मोड़ा द्वारा रानीखेत मिलिट्री स्टेशन में 27 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी।
अग्निवीर क्लर्क / एसकेटी श्रेणी के सफल उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली और शारीरिक दक्षता परीक्षा एआरओ लैंसडौन द्वारा अक्तूबर 2026 में बीईजी एंड सेंटर रुड़की में होगी। एवी डब्ल्यूएमपी श्रेणी के सफल उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली और शारीरिक दक्षता परीक्षा एआरओ लखनऊ द्वारा जनवरी 2027 में एएमसी सेंटर एंड कॉलेज लखनऊ में आयोजित की जाएगी। अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, ट्रेड्समैन (10वीं) और ट्रेड्समैन (8वीं) के सफल उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली और शारीरिक दक्षता परीक्षा 17 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक सहारनपुर में आयोजित होगी। भर्ती रैली के दौरान मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
सभी उम्मीदवारों को अपने आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, प्रत्येक की तीन फोटोकॉपी और 20 हालिया पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटोग्राफ साथ लाने होंगे। फर्जी या जाली दस्तावेज जमा करने पर उम्मीदवार का आवेदन तुरंत रद्द कर दिया जाएगा और नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उम्मीदवारों द्वारा साथ लाए जाने वाले अनिवार्य दस्तावेज
आधार कार्ड और आधार नंबर से लिंक मोबाइल फोन। शैक्षिक प्रमाण पत्र और मार्कशीट जाति प्रमाण पत्र स्थायी निवास प्रमाण पत्र (डोमिसाइल) अविवाहित प्रमाण पत्र चरित्र प्रमाण पत्र ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र।

