मुजफ्फरनगर 18 अप्रैल। शहर कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले सात तस्करों को बडकली मोड़ से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह इंस्टाग्राम पर बाबा गिरोह के नाम से प्रोफाइल बनाकर अवैध हथियारों का ऑनलाइन ऑर्डर लेता था। पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों से 3 अवैध पस्टिल, 4 तमंचे, 7 मोबाइल व एक बाइक बरामद की है। गैंग में शामिल गिरोह का सरगना गैंगस्टर रहे विक्की त्यागी का बेटा फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस लाइन में एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि शहर कोतवाली पुलिस व एसओजी ने बड़कली फाटक के पास अवैध शस्त्रों की बड़ी डील होने की सूचना पर दबिश देकर सात युवकों को गिरफ्तार किया। गिरोह का सरगना विक्की त्यागी का बेटा हिस्ट्रीशीटर रक्षित त्यागी है। दो युवक तुषार व वंश पिस्टल खरीदने आए थे, जबकि अन्य पांच युवक अवैध शस्त्रों के सप्लायर रक्षित त्यागी गिरोह के सदस्य हैं। सभी को मौके से पकड़ा गया। बरामद बाइक आरोपी ऋतिक अपने दोस्त से मांग कर लाया था। प्रेसवार्ता में शहर कोतवाली प्रभारी एएसपी राजेश गुनावत भी मौजूद रहे।
पुलिस ने बताया कि तुषार शहर के एक सराफ का बेटा है। वंश एक सराफ की दुकान पर काम करता है। दोनों दोस्त हैं। दोनों को पिस्टल शौक पूरा करने के लिए खरीदना था।
गिरफ्तार उज्ज्वल त्यागी शातिर अपराधी है, उसने गांधी कॉलोनी में फायरिंग की थी। पिस्टल सप्लायर भी है। ऋतिक मुठभेड़ में शाहपुर में पहले पकड़ा गया था। शुभम गिरी व ऋतिक चचेरे भाई हैं। पुलिस सभी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। विवांक व ऋतिक हथियार खरीदने वाले युवकों को लेकर आते हैं। हथियार रक्षित उपलब्ध कराता है। हथियार बेचने के बाद रक्षित त्यागी सभी को हिस्सा बांट देता है।
पुलिस का कहना है कि रक्षित गिरोह अधिकांश तौर पर देहरादून रहता है। हथियार सप्लाई के समय इधर आता है और सप्लाई करने के बाद फरार हो जाता है।
पुलिस ने शुभम गिरी निवासी काकड़ा, उज्ज्वल त्यागी निवासी इंद्रा कॉलोनी, अंकुर त्यागी निवासी रामपुरी, विवांक पाल निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, ऋतिक निवासी काकड़ा, तुषार वर्मा निवासी सराफा बाजार और वंश वर्मा निवासी रामपुरी को गिरफ्तार किया है।
विक्की त्यागी के बेटे रक्षित त्यागी ने नई उम्र के युवकों को जोड़ कर अवैध शस्त्रों की खरीद फरोख्त का धंधा किया हुआ है। इंस्टाग्राम सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर यह गिरोह अपना धंधा चलाता है। बरामद 32 बोर की पिस्टल मध्यप्रदेश से लाई जाती हैं। एक पिस्टल 50 से 60 हजार रुपये तक बेची जा रही है।