Date: 26/07/2024, Time:

शिबू सोरेन के बड़े भाई राजाराम का निधन

0

रांची 27 अप्रैल। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के अध्यक्ष शिबू सोरेन के बड़े भाई राजा राम सोरेन का शनिवार को निधन हो गया। राजा राम लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वो रांची में ही रहते थे और यही उनका निधन हो गया। राजाराम सोरेन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में लाया गया है। नेमार गांव में ही राजाराम सोरेन का अंतिम संस्कार होगा। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन राजाराम सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
बता दें, 27 नवंबर 2018 को शिबू सोरेन के छोटे भाई लालू सोरेन का 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। शिबू सोरेन के पिता बड़े क्रांतिकारी थे, महाजनी प्रथा का विरोध करने पर उनके पिता की हत्या कर दी गई थी। राजा राम सोरेन के निधन के बाद सोरेन परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

इधर, अपने चाचा के निधन की खबर मिलने के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एमपी-एमएलए की स्पेशल कोर्ट में अपनी अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने कोर्ट से 13 दिनों की अंतरिम जमानत देने की गुहार लगाई है। ताकि वो अपने चाचा के अंतिम संस्कार और श्राद्धकर्म में शामिल हो सकें।

जमीन घोटाला में गिरफ्तार हेमंत सोरेन ने अपनी याचिका में कोर्ट से आग्रह किया है कि उन्हें अपने चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाए। इसके लिए उन्होंने कोर्ट से 13 दिनों की अंतरिम बेल मांगी है। शनिवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बड़े चाचा राजा राम सोरेन का रांची में निधन हो गया। इसकी सूचना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अदालत में दोनों पक्षों की दलील सुनने के पश्चात फैसला सुरक्षित रख लिया है।

Share.

Leave A Reply