Date: 16/10/2024, Time:

तेजी से बढ़ रहे मुसलमान, खत्म होगा भाजपा राज : महबूब

0

बिजनौर 01 अक्टूबर। अमरोहा के सपा विधायक एवं पूर्व मंत्री महबूब अली ने कहा कि मुसलमानों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और 2027 तक भाजपा को सत्ता से जाना होगा। आगाह किया कि जब भारत पर राज करने वाले मुगल नहीं रहे तो भाजपा भी नहीं रह पाएगी । जनता जाग चुकी है। बदलाव समाजवादी पार्टी के पक्ष में होगा। उधर, पुलिस ने बयान को दो धर्मों के बीच घृणा फैलाने वाला मानते हुए महबूब अली और सपा जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, विधायक ने वीडियो एडिट कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

रविवार को आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और छह बार के विधायक 72 वर्षीय महबूब अली ने भाजपा पर संविधान एवं आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘2027 में तुम जाओगे जरूर, हम आएंगे जरूर। आगामी चुनाव में भाजपा का प्रदेशभर से सफाया हो जाएगा। मुस्लिम आबादी इतनी बढ़ गई है कि 2027 तक भाजपा को जाना होगा और समाजवादी पार्टी सत्ता में आएगी।’

उनका यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दारोगा संजीव कुमार ने शहर कोतवाली में विधायक और जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सपा जिलाध्यक्ष पर आरोप है कि कार्यक्रम उनकी अध्यक्षता में आयोजित था। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया। सपा के जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने कहा कि केस गलत लिखा गया है। बयान में वैमनस्य फैलाने वाली बात नहीं है। वहीं, सीओ सिटी संग्राम सिंह ने कहा, महबूब अली और शेख जाकिर हुसैन के खिलाफ धारा 196 (1) और 353 (2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वीडियो व अन्य साक्ष्य के आधार पर जांच की जा रही है।

महबूब ने सपाइयों के मंसूबे को उजागर किया : भूपेन्द्र
सपा विधायक के बयान के बाद राजनीति भी गरमा गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव के दिखाए मार्ग पर चलकर उनके विधायक का नफरत भरा यह बयान न सिर्फ सपाइयों के असली मंसूबे को उजागर करता है, बल्कि प्रदेश की शांति भंग करने की एक कुत्सित साजिश का भी हिस्सा है। प्रदेश की जनता ने लाल टोपी वालों के जंगलराज को देखा है, इसलिए चाहे 27 हो या फिर 32, जनता कभी सपाइयों के मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि समाज में हर वर्ग का अपना महत्व है। सबकी भागीदारी होनी चाहिए। यह महबूब अली का निजी बयान होगा।

Share.

Leave A Reply