Date: 27/07/2024, Time:

50 हजार ग्राम पंचायतों में ग्राम परिक्रमा करेगा किसान मोर्चा

0

लखनऊ, 28 जनवरी। भारत ऋषि और कृषि प्रधान देश रहा है। देश का अन्नदाता ही समग्र व्यवस्था परिवर्तन का वाहक है। डबल इंजन की सरकार में किसान देश के स्वाभिमान का प्रतीक बन चुका है। मोदी-योगी सरकार ने किसान हित में सर्वाधिक फैसले लेकर किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कृत संकल्पित है।
यह बातें भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने उत्तर प्रदेश किसान मोर्चा की ओर से रविवार को विश्वेश्वरैया सभागार लोक निर्माण विभाग में आयोजित प्रादेशिक कार्यशाला कही।

50 हजार गांवों में ग्राम परिक्रमा यात्रा निकालेगा किसान मोर्चा
कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि भारत दुनिया का अग्रणी देश बनने की ओर अग्रसर है। देश की विरासत को सुरक्षित रखने के लिए देशवासी निरंतर प्रयत्नशील हैं। अयोध्या में श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विश्वव्यापी भावनात्मक समर्थन इस बात का प्रमाण है कि अब प्रभु राम के विचारों के अनुसार ही दुनिया चलेगी।
चाहर ने कहा कि लोकसभा चुनाव निकट है। उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें भाजपा जीते, इसके लिए भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता सघन जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। 10 फरवरी से पांच मार्च तक उत्तर प्रदेश के लगभग 50 हजार गांवों में किसान मोर्चा ग्राम परिक्रमा यात्रा आयोजित करेगा।

लोकसभा चुनाव संपन्न होने तक विश्राम नहीं, जनसंपर्क साधेंगे कार्यकर्ता
श्रीचाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषक दुर्घटना योजना, मृदा हेल्थ कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, श्रीअन्न व प्राकृतिक खेतों को बढ़ावा देना, किसानों की आय में
वृद्धि के उद्देश्य से न्यूनतम समर्थन मूल्य को डेढ़ से दोगुना करना आदि दर्जनों ऐसे कार्य हैं जो मोदी सरकार ने किसान हित में लागू किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि किसान संपर्क, किसान संवाद व किसान संबंध के माध्यम से भाजपा को 60 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हो सकें, इसके लिए लोकसभा चुनाव संपन्न होने तक विश्राम न करते हुए कार्य करना है।

आने वाले वर्षों में विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा भारत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने व परम वैभव तक ले जाने के लिए हम प्रयत्नशील हैं। भारत आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है, 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र के सपने को साकार करेगा। आने वाले पांच वर्ष में भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा और सारी दुनिया भारत के अनुसार ही चलेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का सक्रिय प्रयास अतिमहत्वपूर्ण है। चुनाव के कार्यों में लग जाएं कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि संपर्क, संवाद, संबंध और अपनी विशिष्ट कार्यपद्धति से भाजपा पूरी दुनिया के लिए शोध को विषय बन गई है। उन्होंने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी के सभी अभियानों से जुड़कर लोकसभा चुनाव के कार्यों में लग जाएं, जिससे हम सभी 80 सीटें जीत सकें।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने कहा कि एक फरवरी से तीन फरवरी के मध्य सभी संगठनात्मक जिलों में जिला कार्यशाला का आयोजन होगा। चार व पांच फरवरी को सभी मंडलों पर मंडल कार्यशालाऐं होगी।

Share.

Leave A Reply