Date: 27/07/2024, Time:

झारखंड के नए सीएम बने चंपई सोरेन

0

नई दिल्ली 02 फरवरी। झारखंड की राजनीति में जारी खींचतान पर आज विराम लग गया। चंपई सोरेन ने अपने हाथों में राज्य की कमान ले ली है। राज्यपाल ने शुक्रवार को चंपई सोरेन को सीएम पद की शपथ दिलाई। उनके साथ दो और विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। अब चंपई सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती फ्लोर टेस्ट है।

ईडी की गिरफ्तारी के बाद हेमंत सोरेन ने चंपई सोरेन को सत्ता की चाबी सौंप दी थी। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार देर रात चंपई सोरेन को सरकार बनाने का न्योता दिया था। इस पर चंपई सोरेन शुक्रवार को राजभवन पहुंचे, जहां गवर्नर ने उन्हें सीएम पद और उसकी गोपनीयता की शपथ दिलाई। झारखंड के नए सीएम ने साल 1991 में सबसे पहले उपचुनाव में जीत हासिल की थी। चंपई सोरेन हेमंत कैबिनेट में दो बार मंत्री रह चुके हैं।

चंपई सोरेन के साथ कांग्रेस और राजद के कोटे से दो और विधायकों ने झारखंड कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। कांग्रेस के आलमगीर आलम और राजद के सत्यानंद भोक्ता मंत्री बनाए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल ने चंपई सोरेन को बधाई दी।

सीएम पद की शपथ लेने के बाद चंपई सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन ने आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया। मैं उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यों में और तेजी लाऊंगा। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में कार्य करेंगे। हमारे गठबंधन की ताकत से राज्य में अस्थिरता पैदा करने की विपक्ष की कोशिश विफल हो गई है।

बता दें कि चंपई सोरेन को बहुमत साबित करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है. हेमंत सोरेन की कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी के 24 घंटे से ज्यादा समय के बाद राज्यपाल ने गुरुवार देर शाम उन्हें शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया था. जानकारी ये भी सामने आई है कि विधानसभा में बहुमत साबित करने के बाद चंपई सोरेन अपने कैबिनेट का विस्तार करेंगे. इस बार मंत्रिमंडल में कई नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं.

Share.

Leave A Reply