Date: 27/10/2024, Time:

दरोगा ने भाजपा नगर महामंत्री को जड़े थप्पड़, कार्यकर्ताओं ने किया कोतवाली का घेराव

0

लखीमपुर खीरी 25 जून। शहर के मेला मैदान चौराहे पर रविवार की देर रात कार्यकर्ता से विवाद की सूचना पर पहुंचे भाजपा नगर महामंत्री और पुलिस के बीच तीखी नोंकझोक हो गई। इस दौरान दरोगा ने नगर महामंत्री को थप्पड़ जड़ दिए। इसकी जानकारी होते ही भाजपाइयों में रोष पनप गया। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता सदर कोतवाली पहुंच गए। घेराव कर हंगामा करते हुए कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए।

शहर की गढ़ी रोड निवासी सूर्य प्रकाश मिश्र भाजपा नगर महामंत्री हैं। घटना रविवार की रात करीब 10:30 बजे की है। भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप गुप्ता ने उन्हें बताया कि ओवरटेक करने को लेकर मेला मैदान में उनका किसी से विवाद हो गया है। उन्होंने इसकी सूचना सदर कोतवाली पुलिस को दी और अपने भाई विनय मिश्र और कपूर यादव के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच दरोगा अब्दुल आलम खान सिपाहियों के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने अपना परिचय देते हुए विरोध किया। इस पर भड़के दरोगा ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। कई सिपाहियों ने भी उनके साथ मारपीट की और जीप में डाल लिया।

इसकी जानकारी होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। कुछ देर बाद भाजपा के नेता और कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली का घेराव किया। भाजपा कार्यकर्ता आरोपी सिपाही पर कार्रवाई की मांग को लेकर देर रात तक हंगामा करते रहे। सीओ रमेश तिवारी ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद एसपी ने आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है।

Share.

Leave A Reply