नई दिल्ली/मुंबई 15 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगले 25 वर्षों में विकसित भारत की यात्रा में समाचार पत्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। भारतीय प्रकाशनों को वैश्विक उपस्थिति बढ़ानी चाहिए। मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी के सचिवालय आईएनएस टावर्स की बी विंग का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मीडिया की स्वाभाविक भूमिका गंभीर मुद्दों पर चर्चा करके संवाद स्थापित करना है।
आईएनएस के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कहा, जिस देश के नागरिक अपनी क्षमताओं पर भरोसा कर लेते हैं, वो सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने लगते हैं। आज भारत में भी यही हो रहा है। मोदी ने कहा, मीडिया राष्ट्र की स्थिति का मूकदर्शक नहीं है, बल्कि उन्हें बदलने में प्रमुख भूमिका निभाता है। आईएनएस ने न सिर्फ भारत की यात्रा के उतार-चढ़ाव को देखा है, बल्कि उसे जीया भी है और लोगों तक पहुंचाया है। किसी देश की वैश्विक छवि सीधे तौर पर उसकी अर्थव्यवस्था को प्रभावित करती है। भारतीय प्रकाशनों को अपनी वैश्विक उपस्थिति बढ़ानी चाहिए मोदी ने कहा, आईएनएस के प्रभावी कामों से देश को लाभ होगा। इस दौरान महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस और अजित पवार व अन्य गणमान्य व्यक्ति, उद्योग जगत के नेता और प्रिंट मीडिया बिरादरी के सदस्य शामिल हुए।
संयुक्त राष्ट्र के देशों में बोली जाने वाली भाषाओं में अनुवाद की सलाह
प्रधानमंत्री ने प्रकाशकों को सलाह दी कि वे अपने प्रकाशनों का संयुक्त राष्ट्र के देशों में बोली जाने वाली भाषाओं में अनुवाद करने पर विचार करें। इसके लिए माइक्रोसाइट और सोशल मीडिया की क्षमता का उपयोग वैश्विक पहुंच के लिए करें। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की आवाज को बुलंद करने में डिजिटल संस्करणों के महत्व पर जोर दिया।