ग्रेटर नोएडा 18 मार्च। पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर ने मंगलवार यानी 18 मार्च की सुबह साढ़े चार बजे ग्रेटर नोएडा के कृष्णा लाइफ लाइन अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है। सोमवार को सीमा हैदर डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थी। यह उनका 5वां बच्चा है। इससे पहले, उनके चार बच्चे पाकिस्तानी पति से हैं, जबकि भारतीय पति सचिन मीणा से यह उनका पहला बच्चा है।
सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने बताया- नॉर्मल डिलीवरी से सीमा ने बेटी को जन्म दिया। मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं। जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल जाएगी। सचिन मीणा के घरवालों ने कहा- यह परिवार के लिए एक नया अध्याय है। जल्द ही बच्ची का नामकरण करेंगे।
सीमा हैदर और गुलाम हैदर की शादी 2014 में हुई। 2019 में गुलाम हैदर सीमा और चार बच्चों को कराची में छोड़कर दुबई चला गया। 2019 में ही पबजी खेलते-खेलते सीमा की नोएडा के रबुपूरा निवासी सचिन मीणा से ऑनलाइन मुलाकात हुई।
10 मार्च, 2023 को नेपाल में सीमा और सचिन की मुलाकात हुई। वहीं पर उन्होंने एक मंदिर में धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दावा किया। नेपाल से सीमा पाकिस्तान चली गईं। सचिन नोएडा आ गया।
13 मई को सीमा फिर से पाकिस्तान से दुबई होते हुए नेपाल आईं और नेपाल से बस पकड़कर रबुपूरा पहुंचीं। 1 जुलाई को सचिन-सीमा बुलंदशहर में वकील से अपने भारतीय पहचान पत्र बनवाने के लिए मिले। वकील ने सीमा के पाकिस्तानी होने की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद दोनों घर से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। 3 जुलाई को सीमा-सचिन को हरियाणा के बल्लभगढ़ से हिरासत में लिया गया। 4 जुलाई, 2023 को पुलिस ने सचिन के पिता नेत्रपाल को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि सीमा के साथ उसके चार बच्चे भी आए थे। हिंदू धर्म अपनाने के बाद सीमा हैदर ने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में सचिन मीणा से शादी की थी। भारत आने के बाद उनके आठ वर्षीय बेटे फरहान अली का नाम बदलकर राज रख दिया गया।उनकी तीन बेटियों फरवा (6), फरिहा बतूल (4) और फरहा को भी नए नाम दिए गए। तीनों को क्रमशः प्रियंका, मुन्नी और परी नाम दिया गया। सीमा हैदर का पहला पति गुलाम हैदर पाकिस्तान में ही रहता है।