मुजफ्फरनगर, 28 जनवरी। किशोरी से दुष्कर्म मामले में नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के विश्वकर्मा चौक के समीप स्थित कैफे के संचालक की भी संलिप्तता नजर आती है। पुलिस ने कैफे को सील कर दिया है। कैफे में दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ आरोपी छात्र ने दुष्कर्म किया और इस दौरान आरोपी छात्र का दोस्त भी कैफे में मौजूद रहकर निगरानी करता रहा। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी छात्रों व कैफे संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल करा दिया है। जल्द ही उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
दरअसल, क्षेत्र के गांधीनगर बाल्मीकि बस्ती निवासी विशाल अपने साथी अंकित की मदद से किशोरी को बहला-फुसलाकर कैफे में बुलाया। वहां आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने घर जाकर परिजनों को आपबीती सुनाई।
परिजन तुरंत किशोरी को लेकर नई मंडी कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी विशाल और उसके साथी अंकित को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही कैफे संचालक अक्षय शर्मा को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्लू आइज कैफे पर भी सख्त एक्शन लिया है। कैफे को सील करते हुए ताला जड़ दिया है।
सीओ रुपाली राव ने बताया कि रविवार रात थाना नई मंडी पुलिस को सूचना मिली की एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ है। जब पुलिस ने पता किया तो ये पता चला एक नाबालिग लड़की के साथ में 2 लड़कों ने एक कैफे में दुष्कर्म किया है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों लड़कों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं साथ में कैफे संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही कैफे को सील करने की कार्रवाई की गई। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है।