लखनऊ, 03 मार्च। बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को ससुर अशोक सिद्धार्थ के बाद भतीजे आकाश आनंद को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया है। आकाश आनंद बसपा के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर और मायावती के उत्तराधिकारी थे।
बसपा प्रमुख ने भाई आनंद कुमार, रामजी गौतम को राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर बनाया है। आनंद कुमार के पास राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद बना रहेगा। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में आकाश आनंद को बुलाया तक नहीं गया। पार्टी के दोनों नए कोआर्डिनेटर मायावती को सीधे रिपोर्ट करेंगे। उन्होंने यह भी कहा है कि मेरे जीते जी और मेरी आखिरी सांस तक भी अब पार्टी में मेरा कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा।बसपा सुप्रीमो ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इसमें उन्होंने आकाश आनंद को सभी पदों से हटाने की घोषणा कर सबको चौंका दिया। हालांकि अशोक सिद्धार्थ के हटाए जाने के बाद ही आकाश को हटाने की चर्चाएं थीं। मायावती बैठक में 15 मार्च को कांशीराम की जयंती मनाने और महंगाई और अपराध पर चर्चा के बाद सीधे मुद्दे पर आईं। उन्होंने पदाधिकारियों के सामने अशोक सिद्धार्थ को खरी खोटी सुनाई। उन्होंने धन उगाही की भी बात की। मायावती ने कांशीराम के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने रिश्तेदारों को पार्टी में काम के लिए मना नहीं किया, लेकिन कहते थे कि यदि मेरे नाम का दुरुपयोग करेंगे तो तुरन्त बाहर कर दूंगा। उन्होंने कहा कि मैंने उनके पदचिह्नों पर उनकी उत्तराधिकारी होने के नाते अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर किया।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने विधानसभा चुनाव वर्ष 2027 को देखते हुए संगठन में भी बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने हर मंडल में चार-चार कोआर्डिनेटर बनाए हैं। इसके अलावा दो जिला प्रभारी और दो विधानसभा प्रभारी बनाए हैं।
उन्होंने पार्टी के प्प्रदेश मुख्यालय में रविवार को हुई बैठक में अगले छह माह तक अभियान चलाकर संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए अगले छह माह तक सभी काम रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मंडलीय व्यवस्था को नए सिरे से बनाया गया है। संगठन को नए सिरे से खड़ा किया जाए। इसमें अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग के साथ ही मुस्लिमों को जोड़ा जाए। वर्ष 2007 में इनके दम पर ही बसपा पूर्ण बहुमत में आई थी। उन्होंने देश के समक्ष अपार महंगाई, गरीबी, बेरोज़गारी, पिछड़ेपन आदि की ज्वलन्त समस्याओं के प्रति सरकारी उदासीनता पर चिंता जताई।
कांशीराम जयंती पर कार्यक्रम की रूपरेखा तय
15 मार्च को बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा के बारे में बताया। पश्चिमी यूपी में केवल मेरठ मंडल के पार्टी के सभी लोग पूर्व की तरह गौतमबुद्धनगर में जयंती मनाएंगे। लखनऊ मंडल, कानपुर व अयोध्या मंडल के सभी नेता लखनऊ में मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल पर मनाएंगे। बाकी सभी 14 मंडलों के लोग अपने-अपने जिले या मण्डल में विचार-संगोष्ठी आदि जैसे कार्यक्रम हर वर्ष की ही तरह आयोजित करेंगे।