Date: 08/09/2024, Time:

विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बने लाल बिहारी यादव, जासमीर अंसारी उप नेता बने

0

लखनऊ 22 जुलाई। समाजवादी पार्टी ने यूपी विधान परिषद में लाल बिहारी यादव को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया है। वहीं, मो. जासमीर अंसारी उप नेता बनाए गए हैं। इसी तरह किरनपाल कश्यप को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है जबकि आशुतोष सिन्हा को विधान परिषद का सचेतक बनाया गया है।

बता दें कि लाल बिहारी यादव विधान परिषद में सपा दल के नेता भी रहे हैं लेकिन अभी तक सपा के पास नेता प्रतिपक्ष बनाने के लायक सदस्य संख्या नहीं थी। पांच मई को रिक्त हुए 13 पदों के चुनाव में सपा को तीन सीटें मिलीं। अब विधान परिषद में उसकी कुल सदस्य संख्या 10 हो गई है, जो नेता प्रतिपक्ष बनने के लिए आवश्यक सदस्य संख्या के बराबर है।

बताते चले कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनाए गए लाल बिहारी यादव आजमगढ़ से ताल्लुख रखते हैं। उनका जन्म 1 जुलाई 1960 को आजमगढ़ के विशुन पुर में हुआ था। लाल बिहारी एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार से आते हैं। लाल बिहारी यदाव 2020 में हुए वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के टिकट पर चुनाव जीतकर एमएलसी बने थे। शिक्षकों के हितों और उनके अधिकारियों की लड़ाई लड़ने वाले लाल बिहारी यादव यूपी माध्यमिक शिक्षक संघ वित्त विहीन गुट के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। शिक्षकों के हितों की आवाज उठाने के लिए उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। कई बार जेल भी जा चुके हैं।
लाल बिहारी यादव ने वित्त विहीन शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए साल 2004 में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (वित्त विहीन गुट) का गठन किया था। तब से शिक्षकों की लगातार आवाज उठा रहे हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक 2007 और 2013 में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड और 2017 में इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन खंड से एमएलसी का चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। 2020 में सपा का साथ मिलने के बाद चौथी बार में एमएलसीबनने का सपना पूरा हुआ था। उन्होंने पीएम मोदी के गढ़ में जीत दर्ज की थी। वहीं विधान परिषद का नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर लाल बिहारी यादव ने सपा मुखिया अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया है।

Share.

Leave A Reply