मुजफ्फरनगर, 20 फरवरी। शादी से पहले हार्ट अटैक से दुल्हन की मौत की खबर फर्जी निकलने के साथ ही दुल्हन की सहेली के खिलाफ उसके पिता ने नईमंडी थाने पर अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर दुल्हन व उसकी सहेली की तलाश शुरू की। पुलिस ने जिले से लेकर कई स्थानों पर हाईवे पर टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। रातभर भारी मशक्कत के बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस के साथ साझा कार्रवाई करते हुए दुल्हन व उसकी सहेली को बरामद कर लिया।
तीन दिन पूर्व झांसी का परिवार शहर में अपनी बेटी की शादी के लिए आया था। दोनों परिवारों की सहमति पर सोमवार को दूल्हा व दुल्हन रिंग सेरेमनी का कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंगलवार को नार्थ फार्म्स में दोनों की शादी होनी थी, लेकिन शादी से कुछ घंटे पहले दुल्हन लापता हो गई। काफी तलाश करने पर दुल्हन का कोई सुराग नहीं लगा। इस बीच शादी के पहले दुल्हन की हार्ट अटैक से मौत की फर्जी खबर फैल गई।
झांसी की डॉक्टर दुल्हन ने परिजनों के सामने शादी से इंकार कर दिया, लेकिन फिर भी परिवार के लोग उसे लेकर मुजफ्फरनगर पहुंच गए।
दोनों परिवारों की सहमति पर शादी का कार्यक्रम तय होने पर सभी तैयारियों पूरी कर ली गई थी। शादी से इंकार करने के कारण दुल्हन अपनी सहेली के साथ सभी को चकमा देकर चली गई। दुल्हन के पिता ने सहेली के खिलाफ बहला फुसलाकर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 18 फरवरी को शादी से कुछ घंटे पहले दुल्हन लापता हो गयी। उसके पिता ने दोपहर थाने पर पहुंचकर तहरीर देते हुए बताया कि उसकी बेटी की सहेली सीमा शुक्ला निवासी कैलाश रेजीडेंसी, झांसी उसका बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गयी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने दोनों को ग्वालियर से बरामद कर लिया। बताया गया है कि दुल्हन से पहले ही परिजनों को शादी से इंकार कर दिया था, लेकिन फिर भी परिजन उसे लेकर मुजफ्फरनगर आ गए। अब बयानों के आधार पर मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा सकती है।