नई दिल्ली 13 जून। बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और मशहूर बिजनेसमैन संजय कपूर का 53 वर्ष की उम्र में अचानक निधन हो गया। यह दुखद घटना गुरुवार को ब्रिटेन में उस समय हुई जब वह पोलो खेल रहे थे। खेल के दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही उनका निधन हो गया।
उनकी मौत की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, खासकर उनकी एक पोस्ट ने लोगों को भावुक कर दिया है। संजय कपूर ने अपनी मृत्यु से महज तीन दिन पहले एक ‘मंडे मोटिवेशन’ पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था – “प्रगति के लिए साहसी विकल्पों की जरूरत होती है, परफेक्ट हालातों की नहीं… तुम्हारा समय इस धरती पर सीमित है।” अब इस पोस्ट को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद उन्हें अपनी मौत का पूर्वाभास हो गया था।
संजय कपूर की आखिरी सोशल मीडिया गतिविधि उनके निधन से छह घंटे पहले की थी। उन्होंने अहमदाबाद में हुई एयर इंडिया विमान दुर्घटना पर संवेदना जताते हुए एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा – “अहमदाबाद में एयर इंडिया की दुखद दुर्घटना की भयानक खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित सभी परिवारों के साथ हैं। इस मुश्किल घड़ी में उन्हें शक्ति मिले।”
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है संजय इंग्लैंड में पोलो खेल रहे थे, तभी अचानक उनको बेचैनी महसूस हुई, तो वह मैदान से बाहर चले गए और फिर उन्हें दिल का दौरा पड़ा। संजय कपूर होटल व्यवसायी जैसल सिंह की कप्तानी वाली टीम सुजान के खिलाफ खेल रहे थे।
दिल्ली के रहने वाले संजय कपूर ने बकिंघम यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में डिग्री हासिल की थी। संजय कपूर एक प्रमुख व्यवसायी और सोना कॉमस्टार के अध्यक्ष थे, जो एक मोबिलिटी टेक्नोलॉजी कंपनी है। यह कंपनी इंजीनियर्ड ऑटोमोटिव कंपोनेंट में विशेषज्ञता रखती है। इसके अलावा, वह एक प्रसिद्ध पोलो खिलाड़ी भी थे।
फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, संजय कपूर की कुल संपत्ति 1.1 से 1.18 बिलियन डॉलर यानी करीब 9200 करोड़ रुपये थी। बॉलीवुड लाइफ के अनुसार, दिल्ली, मुंबई और लंदन में उनकी कई सारी संपत्तियां हैं और उनके पास कई सुपर और लग्जरी कारें भी हैं। वे दुनिया के 2703वें सबसे धनी व्यक्ति थे। कुछ महीने पहले तक उनकी सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध कंपनी का मूल्य 40,000 करोड़ रुपये था।
संजय कपूर ने करिश्मा कपूर से 2003 में शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं – बेटी समायरा और बेटा कियान। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिक सका और 2014 में दोनों अलग हो गए। 2016 में उनका तलाक फाइनल हुआ। बाद में संजय ने 2017 में मॉडल और उद्यमी प्रिया सचदेव से विवाह किया। इस विवाह से उन्हें एक बेटा अजारियस है, और उन्होंने प्रिया की पहली शादी से हुई बेटी सफीरा की भी परवरिश की।