प्रयागराज 17 अप्रैल। प्रयागराज में इंस्पेक्टर के इकलौते बेटे की यमुना में डूबने से मौत हो गई। आरोप है कि एनसीसी छात्र बिना लाइफ जैकेट के नदी में उतरा, लेकिन कोच ने उसे नहीं रोका। छात्र तैरते-तैरते गहराई में चला गया। साथी छात्रों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह डूब चुका था।
गोताखोरों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला। छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 20 साल का अमन ईविंग क्रिश्चियन कॉलेज से बायोलॉजी से B.Sc कर रहा था। इसके साथ ही एनसीसी भी कर रहा था।
ईसीसी कॉलेज के छात्र की डूबने से हुई मौत के अगले दिन गुरुवार सुबह छात्र प्रदर्शन पर उतर आए। कॉलेज में सैकड़ों छात्रों ने नारेबाजी की। एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर अजीन रे के खिलाफ नारेबाजी की। ईसीसी प्रशासन मुर्दाबाद… तानाशाही नहीं चलेगी… अजीन रे हत्यारा है… जैसे नारे लगाए। न्याय की गुहार लगाई। छात्रों ने कहा- ईसीसी प्रशासन की लापरवाही से आज अमन की मौत हुई है, कल हम लोगों में से भी किसी के साथ ऐसा हो सकता है। छात्रों ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से अजीन रे को निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अमन झूंसी की ब्रह्मपुरी कॉलोनी का रहने वाला था। उसके पिता निरंजन यादव यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर हैं। अमन तीन बहनों में इकलौता भाई था। बुधवार को अमन एनसीसी कोच राकेश कुमार और साथी छात्रों के साथ गऊघाट पहुंचा। यहां वह यमुना नदी में तैराकी सीख रहा था। छात्रों का कहना है कि कोच ने अमन को बिना लाइफ जैकेट के पानी में उतार दिया था। वह तैरते-तैरते गहराई में चला गया। हम लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह डूब चुका था।
गोताखोरों की मदद से अमन को बाहर निकाला गया। उसे तुरंत स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।