अमरोहा, 11 फरवरी। नौगावां सादात थाना क्षेत्र के बहादुरपुर खुर्द गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सोमवार दोपहर यहां एक महिला ने दो मासूम बेटियों को गला घोंटकर मार डाला, फिर खुद की गर्दन भी धारदार हथियार से रेत डाली। महिला ने पति से विवाद के चलते यह खौफनाक कदम उठाया। खून से लथपथ महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर एएसपी-सीओ ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। बेटियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बहादुरपुर खुर्द गांव में स्व.विजय सिंह का परिवार रहता है। परिवार में पत्नी महेंद्री देवी के अलावा तीन बेटे रामभूल सिंह, कोपिन सिंह व सचिन कुमार हैं। गांव स्थित घर में उनके बड़े बेटे रामभूल और मझले बेटे कोपिन सिंह का परिवार रहता है। कोपिन गुरुग्राम की एक फर्म में जॉब करता है। कोपिन घर आया हुआ था। यहां तीन दिन रहने के बाद वह सोमवार सुबह करीब छह बजे वापस गुरुग्राम चला गया। इसके बाद करीब नौ बजे रामभूल सिंह भी ड्यूटी चले गए। घर पर रामभूल सिंह की पत्नी सोनम व दो बच्चे और कोपिन की पत्नी सोनिया तथा दो बेटियां अनुष्का व किट्टो रह गए।
ग्रामीणों का कहना है कि इस शनिवार को कोपिन घर आया था। सोमवार सुबह उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद कोपिन गुरुग्राम के लिए रवाना हो गया। देवर भी नौकरी के लिए चला गया। उसकी पत्नी घर का सामान लेने बाहर गई थी। घर पर कोई अन्य परिजन नहीं था। इसी दौरान सोनिया ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि अब तक घटना का कारण पता नहीं चल पाया है। कोपिन को फोन करके घटना की जानकारी दी गई है। वह गुड़गांव से रवाना हो चुका है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। हत्यारोपी महिला का इलाज कराया जा रहा है। अब तक सोनिया का बयान दर्ज नहीं हो सका है। पति से शिकायत लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि दोनों बच्चियों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।