Date: 05/02/2025, Time:

गोरखपुर के 5 होटलों में हुक्का बार की आड़ में चल चला रहे थे देह व्यापार का धंधा, वाट्सएप पर तय करते थे रेट

0
गोरखपुर 31 जनवरी। शहर में गीता वाटिका के पास हुक्का बार में चल रहे देह व्यापार के एक रैकेट में शामिल तीन युवकों को रामगढ़ताल थाना पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। बस्ती और हरदोई जिले के रहने वाले आरोपित लड़कियों को फंसाकर उन्हें देह व्यापार के धंधे में धकेलने का काम कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों में बस्ती जिले के राजन उर्फ वसीम अहमद और हरदोई जिले के विमल और सूरज विश्वकर्मा शामिल हैं।

इनसे पूछताछ में कई लोगों का नाम सामने आया है जिनकी तलाश चल रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला तब उजागर हुआ जब 02 जनवरी, 2025 को एक महिला ने रामगढ़ताल थाना में अपनी 13 वर्षीय बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी को अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए किशोरी को बरामद कर लिया।

किशोरी के बयान के बाद पुलिस को यह जानकर हैरानी हुई कि उसे हुक्का बार में रखा गया था, जहां नशे की लत लगाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और देह व्यापार के धंधे में धकेला गया था। पुलिस ने इसके बाद हुक्का बार के मालिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित बस्ती जिले के राजन उर्फ वसीम अहमद, हरदोई जिले के विमल और सूरज विश्वकर्मा इस गिरोह का हिस्सा थे।

इन आरोपितों ने लड़कियों को शिकार बनाने के लिए एक संगठित तरीके से काम किया था। गिरोह के सदस्य लड़कियों को फंसा कर उन्हें हुक्का बार में लाकर नशे की लत लगाते थे और फिर उनका शोषण करते थे। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपित महराजगंज जिले की रहने वाली रेशमा के संपर्क में थे जो लड़कियों को फंसाने का काम करती थी।

पिछले 10 दिन से शाहपुर के साथ ही रामगढ़ताल थाना पुलिस रेशमा की तलाश में छापेमारी कर रही है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि इस रैकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और पुलिस जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि इस गिरोह से जुड़े सभी लोगों को पकड़कर सजा दिलवाई जाए।

हुक्का बार व होटल के आड़ में देह व्यापार कराने वाले आरोपितों से पूछताछ व जांच में पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारी मिली है। आरोपितों ने बताया कि उनका काम वाट्सएप के जरिये लड़कियों की तस्वीरें भेजकर ग्राहकों से रेट तय करते थे। लड़कियों को हुक्का बार व होटल में नशा कराने के बाद देह व्यापार कराते थे।

पुलिस के अनुसार, हरदोई और बस्ती के रहने वाले तीनों आरोपितों के मोबाइल फोन की जांच करने पर 70 से ज्यादा लड़कियों की तस्वीरें मिली हैं। इसके अलावा, कई वाट्सएप चैट में अलग-अलग रेट तय किए गए थे और लड़कियों को गीडा इलाके के होटलों में भेजने की बात हो रही थी।

Share.

Leave A Reply