कानपुर 19 मार्च। कानपुर में जर्मन शेफर्ड ने 91 साल की मालकिन को नोच-नोचकर मार डाला। बहू और पोते चाहकर भी कुछ नहीं कर सके, क्योंकि दोनों के पैर में फ्रैक्चर था। सिर्फ बेबस होकर चीखते-चिल्लाते रहे। पड़ोसी भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
2 घंटे बाद पुलिस और नगर निगम की टीम पहुंची, तब कुत्ते को काबू में किया। हालांकि, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। खून से लथपथ महिला को हैलट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डेढ़ साल से जर्मन शेफर्ड कुत्ता इनके साथ था। एक महीने का था तब पोता धीर खरीदकर लाया था।
घटना होली के दिन की है। मंगलवार को महिला का पोता नगर निगम पहुंचा। हलफनामा देकर कुत्ते को वापस मांगने लगा, तब घटना सामने आई। बुजुर्ग महिला मोहिनी त्रिवेदी पांडिचेरी के पूर्व उपराज्यपाल त्रिभुवन प्रसाद तिवारी की बहन थीं। मामला रावतपुर थाने के विकास नगर का है। विकास नगर के बीमा चौराहे के पास मोहिनी त्रिवेदी (91) अपनी बहू किरण और पोते धीर प्रशांत त्रिवेदी के साथ रहती थीं। उनके पति सिंचाई विभाग में अफसर थे। उनकी 20 साल पहले मौत हो गई थी।
मोहिनी के बेटे दिलीप त्रिवेदी विकास भवन में नौकरी करते थे। उनका 26 दिसंबर 2024 को निधन हो गया। दूसरे बेटे रिटायर्ड विंग कमांडर संजय त्रिवेदी पीरोड क्षेत्र में रहते हैं। बुजुर्ग महिला के पोते धीर बेंगलूरु में मैकेनिकल इंजीनियर है। उन्होंने घर में जर्मन शेफर्ड पाल रखा है। एक हफ्ते पहले ही बहू और पोते दोनों के पैर और कूल्हे में फ्रैक्चर हो गया था। ऐसे में दोनों चलने-फिरने की स्थिति में नहीं थे।
होली वाले दिन यानी 14 मार्च की शाम बहू-पोते अपने कमरे में लेटे थे। शाम को मोहिनी किसी काम से आंगन की तरफ गईं, तभी कुत्ता जोर-जोर से भौंकने लगा। उन्होंने डंडे से कुत्ते को मार दिया। इससे बाद कुत्ता खूंखार हो गया। उन पर हमला बोल दिया।
चेहरे, गर्दन, पेट और शरीर के कई हिस्सों को नोच डाला। बहू और पोते के चिल्लाने पर पड़ोसी आए। पुलिस को सूचना दी। लेकिन, खूंखार कुत्ते को काबू करने की कोई हिम्मत नहीं जुटा सका। दो घंटे तक कुत्ता घूम-घूमकर मोहिनी को नोचता रहा। पूरे आंगन में खून फैल गया। रावतपुर थाने की पुलिस और नगर निगम की टीम पहुंची, तब जाकर कुत्ते को काबू में किया।