भागलपुर 20 मार्च। भागलपुर में गुरुवार सुबह केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजों के बीच गोलीबारी हुई है। इसमें एक भांजे विकल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा जयजीत यादव गंभीर रूप से घायल है।
बताया जा रहा है कि नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लगी है। मामला नवगछिया के जगतपुर गांव का है। गोलीबारी के बाद दोनों को इलाज के लिए भागलपुर के डॉक्टर एनके यादव के क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां एक विकल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जयजीत यादव की हालत नाजुक बनी हुई है।
जयजीत की पत्नी ने कहा- दोनों भाइयों के बीच पिछले एक साल से जमीन को लेकर विवाद करता था।
नवगछिया SP प्रेरणा कुमार ने बताया- ‘दोनों भाइयों के बीच नल को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच करीब 3 राउंड फायरिंग हुई। मृतक विकल को एक गोली लगी है, जबकि जयजीत को 2 बुलेट लगी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह साढ़े छह बजे नित्यानंद राय के भांजे जयजीत यादव को पानी देने वाले नौकर ने पानी वाले बर्तन में हथेली डुबो कर पानी दिया था, जिसको लेकर उसकी दूसरे भाई विकल यादव से कहा-सुनी होने लगी।
दरअसल, पहले से भी दोनों भाइयों मझले और छोटे में नहीं बनती थी। पानी के मामूली विवाद में विकल यादव घर के अंदर से पिस्तौल निकाल लाया और जयदीप के मुंह को निशाना बनाकर फायर कर दिया।
गोली जबड़े को क्षतिग्रस्त करते हुए निकल गई। जयजीत पहले तो जमीन पर गिर गया, लेकिन चंद मिनट में ताकत बटोरकर उठा और विकल से गुत्थम-गुत्थी करते हुए उंसके हाथ से पिस्तौल छीन ली। इसके बाद उसे नजदीक से गोली मार दी।
इस घटना में विकल की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, उसमें सांस बची होने की आस में परिजनों ने आनन-फानन में उसे भी नवगछिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे देखकर मृत घोषित कर दिया। जयजीत कि हालत भी अधिक खून निकल जाने की वजह से नाजुक बनी हुई है। उसे बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने बाहर ले जाने को कहा है, जिसकी कवायद शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी पर रेंज आईजी विवेक कुमार ने नवगछिया एसपी को हालात का जायजा लेकर सभी सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा है।
नवगछिया, परबत्ता पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस टीम एफएसएल टीम को सूचित कर घटनास्थल की स्टाइल और वीडियोग्राफी कराएगई।