अमरोहा 16 जून। अमरोहा में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की इमारत और टीनशेड पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गए। हादसे में 5 महिलाओं की मौत हो गई है। 12 से अधिक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
पटाखा फैक्ट्री अतरासी गांव से 2 किमी दूर जंगल में स्थित है। फैक्ट्री में सुबह करीब 25 महिला और पुरुष मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान किसी मजदूर के बच्चे ने पटाखा जला दिया। इसके बाद पास में रखे पटाखे और पटाखा बनाने के लिए रखे बारूद में आग लग गई। लगातार करीब 15 मिनट तक ब्लास्ट होता रहा।
धमाके के बाद फैक्ट्री का मलबा 300 मीटर दूर तक फैल गया। कई मजदूर मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन कर दिया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। समिति को सभी पहलुओं की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और फैक्ट्री संचालक की तलाश की जा रही है।
फैक्ट्री 2 साल से चल रही थी। यहां 20-25 मजदूर काम करते थे। इसमें फुलझड़ी से लेकर कई तरह के पटाखों की पैकिंग व निर्माण कराया जा रहा था। इसमें गांव व आसपास के लोगों से मजदूरी पर काम भी प्रतिदिन दिया जाता था।
ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री में पिछले कई दिनों से अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही और मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं।