Date: 26/01/2025, Time:

राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर सीएम योगी ने किया रामलला का अभिषेक

0

अयोध्या 11 जनवरी। अयोध्या में राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर पूरे देश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पवित्र नगरी आ रहे हैं और उनमें इसको लेकर काफी उत्साह है। तीन दिवसीय समारोह शनिवार को यजुर्वेद के पाठ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रामलला की मूर्ति के अभिषेक के साथ शुरू हुआ। हजारों लोग निकटवर्ती एवं दूर-दूर से शहर में आ चुके हैं, और 11 से 13 जनवरी के बीच तीन दिनों तक आयोजित सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों को देखने के लिए मंदिर परिसर की ओर जा रहे हैं।

योगी जी ने हनुमान जी महाराज की जय, सरयू मैया की जय बोलकर कार्यक्रम की शुरुआत की। हर-हर महादेव का भी जयकारा लगाया। रामलला की विशेष पूजा शुरू हो गई। पुजारियों ने रामलला का पंचामृत अभिषेक किया। पहले दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से अभिषेक किया, फिर गंगाजल से नहलाया। इसके बाद रामलला का श्रृंगार किया गया। उन्हें पीतांबर वस्त्र पहनाए गए। इसमें सोने के तारों से बुनाई की गई है। उनके मुकुट में हीरा जड़ा है। यूपी के सीएम योगी भी अयोध्या पहुंच गए हैं। उन्होंने रामलला की पूजा की। उन्होंने रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा द्वादशी की बधाई दी। योगी ने कहा कि एक साल पहले पीएम मोदी के हाथों 500 सालों का इंतजार खत्म हुआ। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई। जिसके बाद आज यह पर्व आया है।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या का ऐसा स्वरूप किसी ने नहीं सोचा था। आज अयोध्या में रोज एक से दो लाख लोग आ रहे हैं। अयोध्या को उसका अधिकार नहीं मिला। पहले पैड़ी सरयू का जल सड़ता रहता था। बिजली तीन घंटे ही आती थी।
हजारों वर्ष पहले लंका पर विजय प्राप्त करने के बाद भगवान श्रीराम पुष्पक विमान से अयोध्या धाम पधारे थे। हजारों वर्षों के उपरांत जब विज्ञान ने इतनी प्रगति कर ली थी तब भी अयोध्या में एयरपोर्ट नहीं था, जहां कोई फ्लाइट लैंड कर सके। आज अयोध्या के पास अपना इंटरनेशनल एयरपोर्ट है।

सीएम योगी ने कहा- आज हमारी अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी बन गई है। सूर्यवंश की राजधानी है। यहां जो बिजली जलती है वो किसी थर्मल पावर स्टेशन से नहीं बल्कि सूर्य की रोशनी से चलती है। ये नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है तो ये उत्तर प्रदेश की नई अयोध्या है।

राममंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने बताया, ‘‘अयोध्या पूरी तरह से भगवान राम की भक्ति में सराबोर है। अयोध्या में राममंदिर में हर रोज उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान राम के प्रति अपार आस्था दर्शाती है। राममंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का मतलब यह भी है कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अत्यंत प्रसन्न हैं। वे भगवान रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं। यहां पूरी तरह से हर्षोल्लास का माहौल है।’’
अयोध्या के मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा, ‘‘ऐसा लग रहा है जैसे एक सपना पूरा हो गया है। हम अयोध्या को उत्साह और आनंद की नगरी के रूप में देख रहे हैं। मैं स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस करता हूं कि मुझे अयोध्या की सेवा करने का मौका मिला।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने कहा, ‘‘यह नोडल एजेंसियों की कड़ी मेहनत का नतीजा है कि (मंदिर की) तीन मंजिल पूरी हो गई हैं। मंदिर के शिखर पर काम जारी है और वह भी लगभग दो महीने में पूरा हो जाएगा। यह निश्चित रूप से उत्साहजनक है।’’ मिश्रा ने कहा, ‘‘मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उनकी भक्ति को दर्शाती है। मंदिर बनने के बाद से अब तक 3 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान रामलला के दर्शन किए हैं। आज माहौल में उत्साह है।’’

मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, 11 से 13 जनवरी तक होने वाले इस समारोह में उन लोगों को शामिल करने का लक्ष्य है जो पिछले साल ऐतिहासिक समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे, साथ ही, करीब 110 आमंत्रित वीआईपी भी इसमें शामिल होंगे।

Share.

Leave A Reply