लखनऊ 20 जुलाई। उत्तर प्रदेश जल्दी ही 10 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होने वाले हैं। जिसको लेकर सभी सत्ताधारी पार्टियों ने कमर कस ली है और तैयारियां भी शुरु कर दी हैं। इस बीच आजाद समाज पार्टी के मुखिया और नगीना सीट सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उपचुनाव को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। एक सवाल के जवाब में चंद्रशेखर ने साफ-साफ कहा कि वो सभी 10 की 10 सीटों पर उपचुनाव लड़ेंगे। इसके लिए उन्होंने अपनी पार्टी के पदाधिकारियों से बात भी कर ली है। अंत में यह तय हुआ है कि आने वाले उपचुनाव में सभी 10 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा।
नगीना सांसद ने गत दिवस लखनऊ प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम जाति विहीन समाज की ही राजनीति करेंगे। चंद्रशेखर का यह एलान प्रदेश में सपा व बसपा की मुश्किलें बढ़ा सकता है। चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पंतनगर की तरह हैदर कैनाल रोड के लोगों को भी राहत देनी चाहिए। यदि उन्हें उजाड़ा गया तो हम सड़क से लेकर सदन तक इसकी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हैदर कैनाल रोड के लोगों को राहत देने का रास्ता मुख्यमंत्री निकाल सकते हैं। उन्होंने सरकार को सलाह दी कि एलिवेटेड रोड को ऊपर से बनाया जा सकता है।
कहा, सीएम पंतनगर की तरह यहां के लोगों को भी न्याय दें। अगर ऐसा नहीं होता है तो यह माना जाएगा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात खोखली है। उन्होंने कहा कि गरीबों की बस्ती को उजाड़ कर विकास नहीं किया जा सकता है।
अकबरनगर के लोगों को भी उजाड़कर एक कमरे में रख दिया गया। वहां कोई सुविधा नहीं है। चंद्रशेखर ने पुलिस भर्ती का मामला भी उठाया कहा, पुलिस भर्ती लीक के छह माह पूरे होने वाले हैं। लाखों युवाओं को न्याय कब मिलेगा?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर के इस ऐलान से बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी की टेंशन बढ़ा दी है। दरअसल, चंद्रशेखर आजाद ने एक निजी न्यूज चौनल को दिए एक बयान में कहा कि हमारी पार्टी आगामी यूपी विधानसभा उपचुनाव में सभी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चंद्रशेखर ने बताया कि उपचुनाव के लिए पार्टी के पदाधिकारियों से बात भी कर ली गई है।
बता दें कि उत्तर की 10 विधानसभा सीटों- करहल, मिल्कीपुर, कटेहरी, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर मीरापुर, फूलपुर, मझवा और सीसामऊ पर उपचुनाव होना है। इन सीटों में 5 समाजवादी पार्टी का कब्जा है। आरएलडी और निषाद पार्टी की 1-1 सीट हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी की 3 सीटें हैं।