Date: 18/10/2024, Time:

दारुल उलूम देवबंद परिसर में महिलाओं और लड़कियों की एंट्री पर लगाया बैन

0

सहारनपुर 17 मई। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के दारुल उलूम देवबंद ने महिलाओं के प्रवेश पर रोक लगा दी है। दारुल उलूम देवबंद प्रबंधन का कहना है कि मदासा परिसर से युवतियां और महिलाएं रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रही थी। इस कारण दारुल उलूम ने अपने परिसर में महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि यह फैसला परिसर में महिलाओं की ओर से बनाए जा रहे रील की वजह से लिया गया है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान बाधा होती थी। इल्म की नगरी में बढ़ते रील कल्चर पर प्रबंधन ने गहरी नाराजगी जताई है।

सोशल मीडिया पर इस तरह के कई वीडियो देखने के बाद कई देशों से इस संबंध में शिकायतें सामने आई थीं। मोहतमिम (प्रशासक) मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने प्रतिबंध और इसके कारणों की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि दारुल उलूम एक मदरसा है और किसी भी स्कूल में इस तरह की हरकतें स्वीकार करने लायक नहीं है। मौलाना नोमानी ने कहा कि दारुल उलूम में शिक्षा का नया सत्र शुरू हो गया है। परिसर में भीड़-भाड़ के कारण छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। हमें इस संबंध में कई शिकायतें मिलीं। इसके बाद यह निर्णय लिया गया है।

दारुल उलूम देवबंद की ओर से प्रतिबंध से संबंधित आदेश के संबंध में बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया कि देवबंद दारुल उलूम परिसर से युवतियां और महिलाएं रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रही थी। दुनियाभर से इसकी शिकायतें मिल रही थी। लगातार यह मामला बढ़ता जा रहा था। पहले इस पर प्रबंधन ने अधिक ध्यान नहीं दिया। लेकिन, महिलाओं और लड़कियों की संख्या लगातार बढ़ने के बाद मदरसा की छवि देश-दुनिया में धूमिल होने लगी। प्रबंधन को शिकायतें मिलने लगी है। इसके बाद महिलाओं की एंट्री पर बैन लगाने का फैसला लिया गया है।

देवबंद दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने कहा कि किसी तालीमगाह में इस तरह के कृत्य को उचित नहीं ठहराया जा सकता है। दारुल उलूम में शिक्षा का नया सत्र शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ छात्रों की ओर से भी इसकी शिकायतें की गई हैं। उन्होंने बताया कि परिसर में जब महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया तो कुछ महिलाओं ने इसका विरोध भी किया। बाद में उन्हें उचित वजह बताई गई तो वो मान गईं।

Share.

Leave A Reply