Date: 18/10/2024, Time:

बिहार में धड़ाम हुआ एक और पुल, 13 दिन में 6 ब्रिज हुए धराशायी

0

सिवान 03 जुलाई। मानसून की एंट्री के साथ बिहार एक बार फिर से सुर्खियां बटोर रहा है। तेज बरसात के बीच बिहार में एक के बाद एक पुल गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सीवान जिले में आज फिर एक पुल टूट गया है। बिहार की गंडकी नदी पर बना पुल अचानक से नीचे गिर गया और देखते ही देखते पुल का मलबा नदी में बह गया।

इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचकर अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना पर एडीएम उपेंद्र कुमार समेत अन्य पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, देवरिया गांव में नदी पर बना पुल ध्वस्त हो गया। इसकी लंबी 30 फीट व चौड़ाई 12 फीट थी। यह पुल तीन पाया वाला था।

इस पुल का निर्माण 2004 में तत्कालीन सांसद प्रभुनाथ सिंह के मद से कराया गया था। इस पुल के गिरने को लेकर अभी विभाग जांच की तैयारी कर ही रहा था कि थोड़ी देर में इसी प्रखंड के टेघड़ा-तेवथा गांव के बीच गंडक नदी के छाड़ी पर बना पुल भी धाराशायी हो गया।

इस पुल की लंबाई 13 फीट तथा चौड़ाई आठ फीट थी। यह पुल दो पाया वाला था। इस पुल का निर्माण 35 वर्ष पूर्व ग्रामीणों द्वारा चंदा एकत्रित कर कराया गया था। वहीं, थोड़ी देर बाद सिकंदरपुर-नौतन गांव के समीप भी पुल ध्वस्त हो गया।
इस पुल की लंबाई 15 फीट तथा चौड़ाई 10 फीट है। यह पुल तीन पाया वाला है। इस पुल का निर्माण 1998 में तत्कालीन सांसद प्रभुनाथ सिंह के मद से छह लाख की लागत से बना था। इसकी आज तक मरम्मत नहीं हुई थी।

बता दें कि ये पुल बिहार के महारजगंज में स्थित था। देवरिया पंचायत के पास बहने वाली गंडकी नहर (गंडकी नदी) पर पुल बनाया गया था। हालांकि आज सुबह 5 बजे करीब पुल का एक पिलर गंडकी नदी में धंस गया। इसके कारण आधा पुल गिरकर टूट गया और पुल का मलबा नदी में बहने लगा। इस पुल के टूटने से आवागमन बाधित हो गया है।
स्थानीय लोगों की मानें तो भारी बारिश के कारण गंडकी नदी अपने उफान पर है। ऐसे में तेज बहाव के चलते पुल का एक हिस्सा जमीन में धंस गया। देवरिया और भीखा बांध गांव की सीमा पर मौजूद ये पुल पहले से काफी जर्जर अवस्था में था। बीते 22 जून को ग्रामीणों ने पुल को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों की आवाज से प्रशासन की नींद खुली और पुल की मरम्मत शुरू की गई थी। पुल की मरम्मत अभी भी जारी थी। मगर इसी बीच पुल नदी में धंस गया।

Share.

Leave A Reply