बदायूं 13 जून। बदायूं में 5 दिन पहले युवक की मौत की गुत्थी पुलिस ने फेसबुक से सुलझा ली है। परिजनों ने गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन उसकी हत्या नहीं, बल्कि उसने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था।
युवक ने अपनी एक महिला मित्र से फेसबुक पर वीडियो कॉल करते वक्त खुद को गोली मारी थी। उसने कॉल पर महिला से न्यूड (बिना कपड़ों के) होकर आने की डिमांड की थी। लेकिन, महिला ने मना कर दिया था। इससे आहत होकर उसने सुसाइड कर लिया था।
घटना उसहैत थाना क्षेत्र के कुंवर गांव की है। सात जून की रात को करीब दो बजे कुंवरगांव के अमित का शव खेत में मिला था। उसके पेट पर मोबाइल और चारपाई पर एक तमंचा बरामद हुआ था। अमित के दाहिनी आंख के पास गोली लगने का घाव था और काफी खून बह गया था। इस मामले में अमित के बाबा सतीश चंद्र ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उनको हिरासत में लिया लेकिन हत्या का वजह साफ नहीं हुई।
अमित कुमार के पास से मोबाइल, पैंट की एक जेब से एक कारतूस का खोखा व दूसरी जेब में जिंदा कारतूस मिला। साथ ही एक गोली पास में पड़ी मिली, जो अमित कुमार के सिर के पार होकर दीवार से टकराकर चारपाई के पास गिर गई थी।
सतीश की शिकायत पर पुलिस ने ताराचंद, पप्पू और जाफर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की। हालांकि मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस इस केस को आत्महत्या ही मान रही थी। पुलिस ने अगले दिन तमंचा बरामद किया। फारेंसिक टीम ने अमित के हैंड स्वैब, खोखा, जिंदा कारतूस, तमंचा फारेंसिक लैब भेजा।
पुलिस ने अमित के पास मिले मोबाइल नंबर की सीडीआर निकाली। इससे जानकारी हुई कि घटना के दिन दो मोबाइल नंबरों पर उसने 18 बार बात की। वह नंबर उन्नाव के गांव फतेहपुर चौरासी की रहने वाली एक महिला का था। पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि उसकी एक साल पहले फेसबुक के जरिये कुंवरगांव के अमित कुमार से पहचान हुई थी। दोनों में अक्सर बात होती थी। दोस्ती हो गई।
महिला ने बताया कि सात जून को अमित ने वीडियो कॉल किया। उसने चार कारतूस व एक तमंचा दिखाया। वह शादी करने का दबाव बनाने लगा। कई बार फोन काटा, लेकिन वह बार-बार कॉल कर रहा था। वह जिद कर रहा था कि शादी के लिए हां करो, अंग प्रदर्शन करो और मिलने आओ। जब मना किया तो वीडियो कॉल पर तमंचा दिखाकर गोली चलाई।
उसके बाद कहा कि यदि मिलने नहीं आओगी तो मैं गोली मार लूंगा। उस पर महिला ने कहा कि अभी तुम नौजवान हो कोई अच्छी सी लड़की देखकर शादी कर लो। इस तरह की बातें न किया करो। इसी बात पर उसने दूसरी गोली चलाई और फोन कट गया।
महिला ने यह भी बताया कि डर था कि कहीं अमित की मौत न हो गई हो। इसलिए उसने रात में कॉल नहीं किया। सुबह फोन किया तो बंद आया। पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि महिला पर शादी करने व अंग प्रदर्शन करने का दबाव बना रहा था। महिला ने मना कर दिया तो अमित ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।
एसएसपी डॉ ब्रजेश सिंह ने बताया- इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा लिखा गया था। हालांकि जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है। फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। इसके आने के बाद पूरी स्थिति क्लियर हो जाएगी।