लखनऊ 01 जुलाई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर उन्हें बड़े-बड़े नेताओं की तरफ से बधाई संदेश मिल रहे हैं. कई नामचीन हस्तियों के साथ ही विपक्ष की तरफ से भी उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं मिल रही हैं. सुबह भोर में सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को बधाई दी है। अब इसके बाद यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी सपा मुखिया को जन्मदिन की बधाई दे दी है। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत बड़े-बड़े नेताओं की शुभकामनाएं मिलना शुरू हो गई है।
वहीं उत्तर प्रदेश की सियासत में हमेशा चर्चा में रहने वाले दो बड़े चेहरों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच एक बार फिर सुर्खियां बटोरने वाला पल सामने आया। अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्हें बधाई दी। योगी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!’ इस बधाई संदेश का जवाब देते हुए अखिलेश ने भी नरमी भरे अंदाज में लिखा, ‘आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।’ इस छोटे से संवाद ने एक बार फिर दोनों नेताओं के सियासी रिश्तों को चर्चा का विषय बना दिया।
बसपा सुप्रीमो व यूपी की चार बार मुख्यमंत्री रही मायावती ने अखिलेश यादव को उनके 52वें जन्मदिन पर बधाई दी है। मायावती ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में सांसद अखिलेश यादव को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई। साथ ही मायावती ने सपा मुखिया को सुखी और दीर्घायु जीवन की भी ढेरों शुभकामनायें दी है। बसपा सुप्रीमो मायावती के शुभकामना संदेश पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का भी जवाब आ गया है। अखिलेश यादव ने मायावती के पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा कि आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि PDA की बुलंद आवाज भाई अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई! आप स्वस्थ रहें, खुश रहें. हम इस न्याय और बराबरी की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ हैं.
यूपी के मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.’ उन्होंने आगे लिखा कि भगवान प्रभु श्री राम, भगवान श्रीकृष्ण और देवों के देव महादेव की कृपा से आपका स्वास्थ्य उत्तम और आप दीर्घायु हों.
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी हैं. उन्होंने X पर लिखा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कन्नौज, उत्तर प्रदेश से लोकसभा सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! आप सदैव स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों! शुभकामनाएं!
अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को इटावा के सैफई कस्बे में सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव के घर हुआ था. वहीं साल 1999 में उन्होंने डिंपल यादव से शादी की थी. उन्होंने अपनी पढ़ाई विदेश से पूरी करने के बाद भारतीय राजनीति में एंट्री मारी थी.
वहीं साल 2012 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रुप में शपथ ग्रहण की. इसके साथ ही अखिलेश लगातार राजनीति में सक्रिय हो गए. मौजूदा समय में वह कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से सासंद हैं.