अयोध्या 27 जून। अयोध्या रामनगरी अवध विश्वविद्यालय के श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड के रहने वाले 18 वर्षीय मृगेंद्र राज पांडेय ने एक वर्ष पहले उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद के समस्त 52 मंत्रियों की बायोग्राफी लिख डाली है। प्रतिष्ठित संस्था गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने लंबी प्रक्रिया के उपरांत मृगेंद्र की इस उपलब्धि को वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करने हेतु अनुमोदित करके सर्टिफिकेट प्रदान किया है। अब देश के 51 मंदिरों पर एक पुस्तक लिखकर फिर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। युवा जहां आज सोशल मीडिया की चकाचौंध में खोए रहते है। वहीं अयोध्या के मृगेंद्र ने अपनी लेखनी से इतिहास रचा है। मात्र 18 वर्ष की उम्र में गहन शोध, तथ्यात्मक प्रमाण और साहित्यिक शुद्धता के साथ देश के 51 मंदिरों पर पुस्तक लिखकर 11वां विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है।
5 वर्ष की उम्र में उनका पहला काव्य संग्रह प्रकाशित हुआ
पांच वर्ष की उम्र में उनका पहला काव्य संग्रह प्रकाशित हुआ। 2013 में उन्होंने पहला विश्व रिकॉर्ड यंगेस्ट पोएट ऑफ द वर्ल्ड के नाम से दर्ज कराया। नौ अलग-अलग विषयों पर पुस्तक लिखने के कारण इनका नाम यंगेस्ट मल्टी डाइमेंशनल राइटर ऑफ वर्ल्ड नाम से विश्व रिकॉर्ड दर्ज हुआ है।
मृगेंद्र राज पांडेय की पुस्तकों में केवल ईंट-पत्थर का विवरण नहीं, बल्कि मंदिरों की आत्मा, उनकी पौराणिक कथा, स्थापत्य कला और हजारों वर्षों से बहती आस्था की अविरल धारा समाहित है। उनकी लेखनी न तो उम्र की सीमा मानती है। न ही संसाधनों की कमी। देश के जिन 51 मंदिरों की ध्वनि को शब्दों के जरिये अमर किया है। उनमें केदारनाथ मंदिर, सिद्धिविनायक मंदिर, गुजरात का सोमनाथ मंदिर, खजुराहो, कोणार्क का सूर्य मंदिर, बद्रीनाथ, मुरुगन मंदिर शामिल हैं। इसके अलावा रंगनाथ स्वामी, नटराजन मंदिर, अमृतसर का लोटस टेंपल, शिरडी साईं मंदिर, वेलूर मठ, महाबोधि मंदिर, सांची का स्तूप आदि शामिल हैं।