लखनऊ 14 जून। उत्तर प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक प्रचंड गर्मी का प्रकोप बरकरार है। विशेष तौर पर बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के कई जिले लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल 15 जून तक इन इलाकों में झुलसा देने वाली गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। वहीं रविवार से प्रदेश के पूर्वी हिस्से से प्री-मानसूनबूंदाबांदी की शुरुआत के आसार हैं। 16 जून से पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में बूंदाबांदी के संकेत हैं। लखनऊ में शनिवार सुबह से बादल छाए हैं। हालांकि, उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं।
शनिवार के लिए मौसम विभाग ने बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, झांसी, जालौन, अलीगढ़, मथुरा समेत 19 जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में दिन में उमस भरी गर्मी और लू जैसी परिस्थितियों के साथ रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म रहेंगी। हालांकि इस दौरान पूर्वी यूपी के कुछ जिलों बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज आदि में।
वहीं पश्चिमी यूपी के कई ज़िलों में 50 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना भी है। जिन जिलों में अलर्ट हैं- सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और इनके आस-पास के इलाके।
पूर्वी यूपी में भी मौसम बदलेगा
पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज के साथ बारिश हो सकती है। अलर्ट में ये जिले शामिल हैं- देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद और आस-पास के इलाके।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव का कहना है 16 जून से पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों में बूंदाबांदी और आंधी-तूफान जैसी एक्टिविटी की शुरुआत हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। विशेष रूप से पूर्वांचल के 35 जिलों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसे प्री-मानसून कहा जा सकता है। पूरे यूपी में मानसून 20-26 जून के बीच सक्रिय होने की संभावना है।