आगरा 04 जून। उत्तर प्रदेश आगरा के थाना इरादतनगर में सोमवार को डबल मर्डर को अंजाम दिया गया। कस्बे में रहने वाले सर्राफ ने अपनी पत्नी कृष्णा वर्मा (35) की ईंट से कुचल कर हत्या कर दी। इसके अलावा अपनी बेटी लाडो (12) को जहर खिला दिया। दोनों की हत्या करने के बाद सर्राफ घर से फरार हो गया। पड़ोसी जब सर्राफ के घर पर पहुंचा तो दोनों के शव देख उसकी चीख निकल गई। उसने लोगों को शोर मचाकर बुला लिया। पुलिस को मौके से खून से सनी ईंट मिली है। पुलिस सर्राफ की तलाश में जुटी है। वह बाइक लेकर फरार हो गया है।
थाना इरादतनगर के बृथला गांव में रहने वाले लक्ष्मीकांत वर्मा ने 15 साल पहले शाहगंज की कृष्णा से प्रेम विवाह किया था। लक्ष्मीकांत की दो बेटे और एक बेटी थी। पुलिस के अनुसार सोमवार रात लक्ष्मीकांत और कृष्णा का विवाद हुआ था। इसके बाद लक्ष्मीकांत ने कृष्णा के सिर पर ईंट से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। बेटी को विषाक्त पदार्थ खिला दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बेटी लाडो के मुंह से झाग निकल रहे थे। लक्ष्मी के दो दूसरे बच्चे 14 साल का जतिन और 7 साल का आयुष, कुछ दिनों पहले ही अपने मामा के घर गए थे। लक्ष्मीकांत के चार भाई हैं।
पहले ही पूरी तैयारी कर ली थी। हत्या से पहले ही उसने सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। वह मकान के ग्राउंड फ्लोर पर सोने चांदी के आभूषणों की दुकान चलाता था। प्रथम तल पर उसका परिवार रहता था। घर और दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन वे बंद थे। पुलिस ने उसकी रिकॉर्डिंग चेक की तो सोमवार सुबह की रिकॉर्डिंग नहीं थी।
डीसीपी पूर्वी जोन अली अब्बास ने बताया कि मां बेटी हत्या की गई है। स्थानीय लोगों से पता चला है कि लक्ष्मीकांत और कृष्णा के बीच आए दिन विवाद होता था। लोगों ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब 5 बजे लक्ष्मीकांत बाइक लेकर जाता हुआ दिखा था। पड़ोसी तरुण वर्मा दोपहर करीब 12 बजे जब घर पहुंचा तब हत्या की जानकारी हुई। सराफ लक्ष्मीकांत अपने घर पर ही मोबाइल छोड़ गया है। आशंका है कि उसने ईंट से पत्नी की हत्या की और बेटी को जहरीला पदार्थ खिलाया। दोनों की हत्या करने के बाद वह फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।