मुंबई 27 मई। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने महाराष्ट्र में इस बार समय से पहले ही दस्तक देकर चौतरफा हाहाकार मचा दिया है। रविवार से ही मुंबई सहित राज्य के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। मुंबई में मई के महीने में हुई बरसात ने 107 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है।
इस वर्ष मानसून सामान्य समय से 16 दिन पहले 26 मई को ही मुंबई में प्रवेश कर गया है। पुणे के बारामती, दौंड, इंदापुर तहसीलें और सोलापुर जिले में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है। इतनी बारिश पिछले 50 वर्षों में नहीं देखी गई। सोमवार को यहां 24 घंटे में 295 मिलीमीटर बारिश ने मई में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले मई 1918 में 279.4 मिमी बारिश हुई थी। बारामती में एक नहर का तटबंध टूट जाने से जलभराव की स्थिति बन गई है।
मुंबई महानगर में भारी बारिश से हमेशा जलभराव वाले क्षेत्रों में तो जनजीवन अस्त-व्यस्त देखा ही जा रहा है, भूमिगत मेट्रो एवं कोस्टल रोड भी पहली बारिश का कहर नहीं झेल पाया। लगभग 33 किलोमीटर लंबी मुंबई की पहली भूमिगत मेट्रो सेवा ‘एक्वा’ लाइन कुछ दिनों पहले ही आरे-जेवीएलआर से वर्ली तक शुरू की गई थी। लेकिन पहली ही बारिश में वर्ली स्टेशन तहस नहस होता दिखाई दिखाई दिया। मेट्रो सेवाएं बंद करनी पड़ीं।
तीन दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह कहर अगले तीन दिनों तक जारी रह सकता है। इन सभी क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग की तरफ से रेड अलर्ट जारी किया गया है। मानसून के महाराष्ट्र पहुंचने की तिथि सामान्यतया छह जून मानी जाती है। लेकिन इस बार 25 मई को ही मानसून ने राज्य के कई इलाकों में दस्तक दे दी।
दक्षिण मुंबई में कोस्टल रोड के शुरुआती बिंदु मरीन ड्राइव पर हुए जलभराव का असर मंत्रालय पर भी पड़ा। वहां भी घुटने से अधिक जलभराव देखा गया। मुंबई में कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़क यातायात एवं लोकल ट्रेनों के अलावा हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
कई क्षेत्रों में बड़े वृक्ष गिर जाने से भी यातायात रोकना पड़ा है। बारिश का प्रभाव कोंकण के रत्नागिरि, रायगढ़ जिलों सहित संपूर्ण मुंबई में देखा जा रहा है। सोमवार को आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए आरेंज अलर्ट को रेड अलर्ट में अपग्रेड किया।
महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से प्याज के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। नासिक, पुणे, धुले, छत्रपति संभाजीनगर, सोलापुर, बीड, धाराशिव, अकोला, जालना, बुलढाणा, और जलगांव इससे काफी प्रभावित हुए हैं। इन स्थानों पर छह मई से लगातार बारिश हो रही है।