नई दिल्ली 27 मई। कांग्रेस ने केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने पूछा कि इतने साल गुजरने के बावजूद हर तबका परेशान क्यों है? पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर पोस्ट में ये बात कही।
प्रधानमंत्री ने पहली बार 26 मई, 2014 को पद की शपथ ली थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह लगातार तीसरा कार्यकाल है।
अच्छे दिन की बात डरावने सपने की तरह
खरगे ने कहा, 26 मई, 2014 से आज तक सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन वह सभी खोखले वादे निकले। देश में अब अच्छे दिन की बात अब एक डरावने सपने की तरह साबित हुई है। पार्टी अध्यक्ष ने इस दौरान युवा, किसान, महिलाएं, गरीब वर्ग, अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और संविधान पर सरकार को घेरने की कोशिश की।
आरोप, हर देश से बिगड़ गए संबंध
विदेश नीति का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत को विश्वगुरू बनाने का वादा किया था, पर हर देश से संबंध बिगाड़ दिए। लोकतंत्र के हर स्तंभ पर हमला हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछले 11 साल में 140 करोड़ जनता का हर तबका परेशान रहा। इस दौरान पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा कि आज 26 मई है और अघोषित आपातकाल के 11 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने कांग्रेस की उपलब्धियां गिनाई और भाजपा पर तीखा हमला बोला।
लीगल फेलोशिप शुरू
भारतीय युवा कांग्रेस ने सामाजिक न्याय को लेकर प्रतिबद्ध कानूनी पेशेवरों की पहचान करने और उन्हें सार्वजनिक सेवा के साथ जोड़ने के लिए लीगल फेलोशिप शुरू किया।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष भानु चिब ने कहा कि भारत आज कानूनी और नैतिक चौराहे पर खड़ा है। आज एक मजबूत, युवा-संचालित कानूनी आंदोलन बनाने की तत्काल आवश्यकता है।