नई दिल्ली 26 अप्रैल। विदेश मंत्रालय ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के तारीखों को एलान कर दिया है। यह यात्रा जून 2025 से अगस्त 2025 के बीच आयोजित की जाएगी। इस बार यात्रा की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल रखा गया है। बता दें कि कोविड-19 महामारी के बाद से यात्रा करीब 3 साल तक निलंबित थी।
यात्रा पर जाने के इच्छुक श्रद्धालुओं को आधिकारिक वेबसाइट kmy.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रजिस्ट्रेशन के बाद कंप्यूटर जनरेशन रैंडन और निष्पक्ष जेंडर बैलेंस्ड प्रोसेस के आधार पर सेलेक्शन किया जाएगा।
कैलाश मानसरोवर यात्रा 30 जून से 25 अगस्त के बीच होगी। 13 मई, 2025 आवेदन करने की अंतिम तारीख है।
इस साल उत्तराखंड और सिक्किम के रास्ते यात्रियों का 15 जत्था कैलाश मानसरोवर जाएगा। 5 जत्थे में 50-50 यात्री उत्तराखंड से लिपुलेख दर्रे को पार करते हुए मानसरोवर जाएंगे। वहीं, 10 जत्थे में 50-50 यात्रियों का ग्रुप सिक्किम से नाथूला होते हुए यात्रा करेगा।
कैलाश मानसरोवर चीन के कब्जे वाले तिब्बत में है। विदेश मंत्रालय हर साल यात्रा का आयोजन करता है। हालांकि पिछले पांच सालों से चीन कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए भारतीयों को इजाजत नहीं दे रहा था। दोनों देशों के बीच सीमा विवाद और कोविड की लहर इसकी वजह थी।
अब 5 साल बाद फिर यात्रा शुरू होने वाली है। इसे भारत और चीन के बीच संबंधों को सुधारने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों देशों ने पिछले साल अक्टूबर में हुए समझौते के तहत डेमचोक और देपसांग से अपने सैनिकों को पीछे हटा लिया था।