लखनऊ, 21 अप्रैल। प्रदेश भर में भीषण गर्मी को देखते हुए परिषदीय स्कूलों में आउटडोर गतिविधियां अब नहीं आयोजित की जाएंगी। बच्चों को गर्म हवा व लू से बचाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। वहीं स्थानीय स्तर पर गर्मी को देखते हुए बीएसए स्कूलों के समय में बदलाव कर सकेंगे। तेजी से बढ़ रही गर्मी को देखते हुए स्कूलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
गर्मी को देखते हुए लगातार स्कूलों का समय बदलने की मांग की जा रही है। इसे देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बीएसए गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव कर सकते हैं। एटा, आगरा, जौनपुर आदि कुछ जिलों में बीएसए ने समय में बदलाव भी किया है। वहीं यह भी कहा गया है कि गर्मी को देखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए की बच्चों के आउटडोर शारीरिक गतिविधियां न आयोजित की जाए।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण की ओर से दिए गए निर्देश के क्रम में बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से सभी बीएसए को स्कूलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी स्कूलों में छाया व पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। बच्चों व अभिभावकों को गर्मी से बचाव के लिए क्या करें, क्या न करें की जानकारी भी दी जाए।
वहीं शिक्षक नेता निर्भय सिंह ने कहा है कि सभी बीएसए को आवश्यकतानुसार समय बदलने का निर्देश देने से बेहतर था कि निदेशालय की ओर से प्रदेश भर के स्कूलों के लिए एक समय निर्धारित किया जाता।
अभी आठ बजे से दो बजे तक है स्कूल
एक अप्रैल से नए सत्र के साथ स्कूलों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक का रखा गया है। माध्यमिक विद्यालयों में यह समय सुबह साढ़े सात से डेढ़ बजे तक का है। कुछ महीने पूर्व तक माध्यमिक विद्यालयों में यह समय सुबह के साढ़े सात बजे से दोपहर के साढ़े 12 तक होता है। शिक्षक संगठनों के द्वारा लगातार समय को बदलने की मांग की जा रही है।