मेरठ 22 फरवरी (प्र)। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में पत्नी की पति ने हत्या कर दी। हत्या के बाद पति सहित सास, ससुर बहू की लाश को लेकर अस्पताल पहुंचे। जब डॉक्टरों ने महिला का इलाज शुरू किया तो देखा वो मरी हुई थी। ससुराल वाले बहू की लाश छोड़कर भागने लगे। तो लड़की के घरवालों, डॉक्टरों और स्टाफ ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद पति ने कहा कि हां मैंने अपनी पत्नी को मारा है। तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मेरठ में लोहिया नगर के नूरनगर निवासी शाहीन पुत्री इरफान की 2 महीने पहले शादी हुई थी। शाहीन की शादी सरधना निवासी निशात के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह सुबह शाहीन के ससुराल वाले उसे मरी हुई हालत में मेरठ हापुड़ अड्डे के पास बने जौहर अस्पताल लेकर आए। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है जब उन्होंने शाहीन का चैकअप किया वो मरी हुई थी।
डॉक्टरों ने बताया कि महिला की लाश छोड़कर उसके घरवाले यानि पति, सास, ससुर भागने लगे। तभी महिला के घरवालों, डॉक्टरों और स्टाफ ने उन्हें पकड़ लिया। तब महिला के पति ने कहा कि उसने अपनी पत्नी को मारा है। तकिये से मुंह दबाकर हत्या की है।
मृतक शाहीन के मामा दिलशाद ने बताया कि दिसंबर 2024 में हमने अपनी भांजी शाहीन की शादी सरधना के निशात आलम से की थी। बताया कि आज सुबह सुबह हमारे पास इसके पति का फोन आया कि शाहीन की तबियत खराब है। इसे लेकर हम अस्पताल आ रहे हैं। मेरठ के हापुड़ अड्डे के जौहर अस्पताल में भर्ती कराने आ रहे हैं। जब ये लोग लड़की को लेकर आए तो उसमें जान नहीं थी। लड़की की सास, ससुर और पति तीनों लोग ही लड़की को लेकर आए थे। हमें तभी शक हुआ कि कुछ गड़बड़ है। इसके बाद डॉक्टरों ने लड़की को चैक किया तो बोले ये तो मरी हुई है। लाश है। ये सुनते ही ये ससुराल वाले तीनो लोग दाएं, बाएं होकर भागने लगे। तब हम लोगों ने डॉक्टरों, स्टाफ की मदद से इन तीनों को पकड़ लिया। इसके बाद हम लड़की की लाश लेकर अपने घर नूरनगर आ गए। यहीं हम ससुरालियों को भी ले आए। जब हमने बंद कमरे में इनसे दवाब डालकर पूछताछ की, पुलिस का डर दिखाया तो लड़के ने खुद कुबूला कि उसने हत्या की है। वहीं लड़की की लाश में जगह जगह नाखूनों और चोट के निशान हैं।
लड़का एसी, फ्रिज की रिपेयरिंग का काम करता है। हमने दहेज में लड़के को बाइक दी थी। लेकिन ससुराल वाले क्रेटा कार की मांग कर रहे थे। इस वजह से उन्होंने उसकी हत्या कर दी है।
फिलहाल महिला की लाश को मायके वाले नूरनगर अपने घर ले आए हैं। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे चैक किए जा रहे हैं।