मेरठ 22 जून (प्र)। शास्त्रीनगर में दूसरे दिन रविवार को छुट्टी के दिन भी आवास एवं विकास परिषद के बुलडोजर आवासीय भवनों के सेटबैक पर किए गए अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए गरजते रहे।
परिषद ने सेक्टर 8, 9, 11, 12 और 13 में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 भवनों के सेटबैक खाली कराए। अवैध रूप से बनी आधा दर्जन से ज्यादा दुकानों को भी ध्वस्त कर दिया गया। शनिवार को 20 भवनों के सेटबैक खाली कराए गए थे। दो दिन के अंदर परिषद करीब 60 भवनों के अवैध सेटबैक ध्वस्त कर चुका है।
परिषद की बुलडोजर कार्रवाई से खौफ में आए लोगों ने स्वयं अपने सेटबैक खाली कराने के लिए हथौड़ा अभियान शुरू कर दिया है। कई लोगों ने मकान में सेटबैक तोड़े जाने का काम चलने के बावजूद बुलडोजर चलाए जाने के भी आरोप परिषद अधिकारियों पर लगाए। अधिकारियों ने बताया कि बुलडोजर अभियान सोमवार को भी जारी रहेगा। 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होने जा रही है। इससे पहले परिषद को 815 भवनों के सेटबैक पर किए गए अवैध निर्माण ध्वस्त करके उन्हें खाली कराना है।
रविवार को भी अधिशासी अभियंता अभिषेक राज, एसीएम प्रभाकर त्रिपाठी, पुलिस फोर्स और आरआरएफ के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे। परिषद टीम ने अपने कार्यालय के सामने वाली रोड से ही अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण की शुरुआत की।
यहां बने भवनों के सेटबैक तोड़ने के साथ ही अवैध रूप से बनी दुकानों को जमींदोंज कर दिया गया। कई लोगों और महिलाओं ने टीम की कार्रवाई का विरोध किया और स्वयं अपने अवैध निर्माण तोड़ने की गुहार लगाई लेकिन टीम ने ये कहते हुए समय देने से मना कर दिया कि उन्हें दो माह पहले नोटिस दिए थे लेकिन उन्होंने सेटबैक खाली नहीं किए।
टीम ने केवल उन्हीं 15 भवनों को सेटबैक खाली करने का मौका दिया जिन मकानों में पहले से ही सेटबैक पर किए गए अवैध निर्माण तोड़ने का काम चलता पाया गया।
पांच सेक्टरों में चलते रहे बुलडोजर
रविवार में भी शास्त्रीनगर के सेक्टर 8, 9, 11, 12 और 13 में एक दर्जन से ज्यादा बुलडोजर चलते रहे। जिनके भवनों पर बुलडोजर पहुंचे उन्होंने हाथ जोड़कर समय मांगा लेकिन परिषद टीम ने साफ मना कर दिया और बुलडोजर का पंजा भवन के सेटबैक पर पड़ने लगा।
इस तरह छोड़ना होगा सेटबैक आवासीय संपत्तियों के लिए
भवन/भूखंड एरिया फ्रंट सेटबैक रियर सेटबैक साइड
150 वर्गमीटर से कम 1 मीटर 00 00
150 से 300 वर्गमीटर 3 मीटर 1.5 मीटर 00
300 वर्गमीटर से 500 3 मीटर 3 मीटर 00
व्यावसायिक संपत्तियों के लिए
100 वर्गमीटर से कम 1.5 मीटर 00 00
100 वर्गमीटर से 300 वर्गमीटर 3 मीटर 00 00
300 वर्गमीटर से 10000 वर्गमीटर 4.5 मीटर 3 मीटर 1.5 मीटर

