लखनऊ 18 जून। एक जनपद एक व्यंजन (वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन) में प्रदेश के सभी 75 जिलों के 225 व्यंजनों को शामिल किया गया है। उद्योग निदेशालय ने जनपदवार व्यंजनों की सूची जारी की है। इसमें शामली की पलंगतोड़ मिठाई तो जौनपुर का एटम बम भी शामिल है। इसी तरह अन्य जनपदों के चर्चित व्यंजन शामिल किए गए हैं। चाट औसतन हर तीसरे जनपद का प्रमुख व्यंजन बना हुआ है।
योजना की गाइडलाइन
वर्ष 2028 में शुरू की गई एक जनपद एक व्यंजन योजना की गाइडलाइन और सूची अब जारी हुई है। प्रदेश के सभी जिलों के चर्चित व्यंजन सूची में शामिल किए गए हैं। अपर मुख्य सचिव निर्यात प्रोत्साहन की ओर से जारी गाइड लाइन के मुताबिक जनपदवार, व्यंजनवार स्टैंडर्ड रैसिपी मैन्युअल विकसित किया जाएगा। एफएसएसआई, सीएफटीआरआई, एनआईएफ्टईएम जैसी संस्थाओं की मदद से वैरिंट्स विकसित किए जाएंगे। पैकेजिंग पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया गया है। इको फ्रेंडली पैकेजिंग में क्यूआर कोड, बार कोड जैसी व्यवस्थाएं होंगी, ताकि लोग उत्पाद के बारे में जानकारी कर सकें। उद्यमियों को पैकेजिंग, डिजाइनिंग और गुणवत्ता सुधार का मुफ्त प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उत्पादों की राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय ब्राडिंग के लिए लोगो विकसित किया जाएगा।
उत्पादों का प्रदर्शन
प्रदेश के सभी यूनिटी मॉल में ओडीओसी उत्पादों को पर्याप्त स्थान दिया जाएगा। विभिन्न मेला, प्रदर्शनी में हिस्सा लेने के लिए कुल खर्च का 75 प्रतिशत तक की प्रतिपूर्ति की जाएगी। ओडीओपी, सीएम युवा उद्यमी योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से भी व्यंजनों के कारीगरों को जोड़ा जाएगा। उद्योग लगाने के लिए 25 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी। उद्योग निदेशालय इसके लिए विशेष प्रकोष्ठ का गठन करेगा। जिला स्तर पर डीएम हर महीने, निदेशालय तथा शासन हर दो महीने पर योजना की समीक्षा करेगा।
ओडीओसी सूची में हर जिले के मुख्य रेसिपी को शामिल किया गया है। आगरा में पेठा, दालमोठ, गजक, पराठा, मथुरा में पेड़ा, छप्पनभोग, माखन मिश्री, तरौली की रबड़ी, मैनपुरी में सोहन पापड़ी, भुना हुआ आलू, फिरोजाबाद आलू टिक्की, कचौड़ी, अलीगढ़ में डेयरी उत्पाद, कचौड़ी तथा इग्लास की चमचम, हाथरस में रबड़़ी, गोरखपुर में लिट्टी चोखा, लहसुन वाले छोले समोसे, बर्फी, कानपुर में समोसा, लड्डू, मलइयो, लखनऊ में रेवड़ी, आम के उत्पाद, मलाई मक्खन, वाराणसी में तिरंगा बर्फी, ठंडाई-लस्सी, कचौरी, बनारसी पान, लौंग लता, मलइयो, जौनपुर में इमरती, एटमबम मिठाई, जौनपुरी मूली, शामली में गुड़ आधारित उत्पाद, चाट व पलंग तोड़ मिठाई ओडीओसी की सूची में शामिल की गई है।

