नोएडा 27 नवंबर। उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक शख्स को भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) के स्टॉल से पांच करोड़ साल पुराना जीवाश्म चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, राजधानी दिल्ली में भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2024 में GSI ने भी स्टॉल लगाया था। यहां भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के स्टॉल पर पांच करोड़ साल पुराना ‘गैस्ट्रोपॉड जीवाश्म’ भी रखा था जो कि चोरी हो गया। इसके बाद पुलिस ने जांच कर के आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को मंत्रालय के ‘माइंस पैवेलियन’ के हॉल नंबर चार में जीवाश्म के चोरी की घटना हुई थी। चोरी हुआ ‘गैस्ट्रोपॉड जीवाश्म’ एक प्राचीन घोंघा का संरक्षित अवशेष है। जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) की स्थापना 1851 में खनन मंत्रालय के तहत भारत सरकार के संगठन के रूप में की गई थी। ये संगठन भारत के अध्ययन और सरकार, उद्योग व आम जनता के लिए पृथ्वी के विज्ञान की बुनियादी जानकारी का प्रमुख प्रदाता भी है।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में बताया है कि 5 करोड़ साल पुराने जीवाश्म चोरी करने की आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के स्टॉल, मंडप और हॉल के 100 से भी ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए थे। इसके बाद आरोपी की पहचान की गई और फिर सूचना के सहारे पुलिस की टीम ने छापेमारी कर के नोएडा के सेक्टर 22 में आरोपी को अरेस्ट किया। आरोपी की पहचान 49 वर्षीय मनोज कुमार मिश्रा के तौर पर हुई है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला के डीसीपी सुमित कुमार झा का कहना है कि 21 नवंबर को भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के कर्मचारियों ने हॉल नंबर चार में स्थित खनन मंत्रालय के मंडप से उनके स्टॉल से पांच करोड़ साल पुराना गैस्ट्रोपॉड जीवाश्म चोरी होने की शिकायत दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत ई-एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
एसीपी रतन लाल व एसएचओ राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के स्टॉल में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर ली गई। इसके बाद करीब दो-तीन घंटे तक मेले में उसके मूवमेंट को ट्रैक किया गया।
एक दुकान में उसे कुछ सामान खरीदते देखा गया, जिसका पेमेंट उसने मोबाइल से किया था। इसके बाद यूपीआई से बैंक खाता नंबर का पता कर उसके घर का पता लगाया, फिर नोएडा के सेक्टर-22 से मनोज कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया।
सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करने की बात कुबूल कर ली और पुलिस को गैस्ट्रोपॉड जीवाश्म सौंप दिया। उसके पास से 21 नवंबर का वह टिकट भी मिल गया, जिसका इस्तेमाल उसने मेले में प्रवेश के लिए किया था। मनोज कुमार मिश्रा, नोएडा के क्राउन प्लाजा होटल में रिसिविंग मैनेजर के पद पर नौकरी करता है।