Date: 08/09/2024, Time:

बिना अनुमति काट दिये 47 हरे पेड़, मोदी रबड़ फैक्ट्री के अधिकारियों पर केस

0

मोदीनगर 03 जून। कोतवाली क्षेत्र की समीर विहार कॉलोनी में बिना वन विभाग की अनुमति के 47 हरे पेड़ काट दिए गए। इतना ही नहीं, पेड़ काटने के बाद वहीं पर उन्हें जला भी दिया। मौके पर वन विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। वन रक्षक की शिकायत पर मोदीनगर पुलिस ने मोदी रबर फैक्ट्री के अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

हापुड़ रोड पर ही समीर विहार कॉलोनी है। जहां कई पेड़ लगे थे। पिछले दिनों यहां रातों-रात पेड़ काट दिये गए। इसके लिए वन विभाग से अनुमति नहीं ली गई। काटे गए पेड़ में पीपल के 30, नीम के सात, जामुन का एक, बरगद के दो, गलुर के दो, पिलखन के तीन और शीशम के दो हैं। पेड़ काटने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पेड़ काटने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। जिस पर वन विभाग की तरफ से संज्ञान लिया गया। मौके पर वन दारोगा संजीव कुमार, वन रक्षक रोहित कुमार समेत अन्य पहुंचे और छानबीन की। सूचना सटीक निकली। मौके पर पेड़ काटे जाने के निशान थे। साथ ही पेड़ों को जलाने के बाद बची राख भी पड़ी थी।

पेड़ की जड़ें भी जलाने की कोशिश की गई। वन विभाग के अधिकारियों को आसपास के लोगों ने बताया कि मोदी रबर फैक्ट्री के अधिकारियों की शह पर पेड़ों को काटा गया है। मामले में वन रक्षक की तरफ से मोदीनगर कोतवाली में शिकायत दी।

एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मोदीनगर रबड फैक्ट्री के एस्टेट मैनेजर राजकुमार बहल और जूनियर एस्टेट मैनेजर लखविंदर सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। भूमिका सामने आने पर आरोपितों की गिरफ्तारी होगी।

Share.

Leave A Reply