मुंबई. राजनीति में नेता लोग एक दूसरे के कट्टर दुश्मन होते है। एक दूसरे की पार्टियों की बुराईयां करते हैं, लेकिन निजी जीवन में कई लोग एक दूसरे के रिश्तेदार होते हैं। एक ऐसा ही राजनीतिक संबंध महाराष्ट्र में जुड़ने जा रहा है। भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल की बेटी की शादी शिवसेना के संस्थापक बाला साहब ठाकरे के दिवंगत पुत्र बिंदु माधव ठाकरे के बेटे निहार ठाकरे के साथ 28 दिसंबर को मुंबई के ताज होटल में होने वाली है।
अंकिता की शादी निहार ठाकरे से होने वाली है। निहार ठाकरे शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के दिवंगत बेटे बिंदुमाधव ठाकरे के बेटे हैं। वह मुंबई में वकालत करते हैं। अंकिता पाटिल भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल की बेटी जरूर हैं, लेकिन वह कांग्रेस की सदस्य हैं। पुणे में बावड़ा-लखेवाड़ी जिला परिषद समूह का उपचुनाव लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद हुआ था, जिसमें अंकिता पाटिल ने जीत के साथ राजनीति में प्रवेश किया। उन्होंने जिला परिषद चुनाव रिकॉर्ड बहुमत से जीता था। हर्षवर्धन पाटिल भले ही भाजपा में शामिल हो गए हैं, लेकिन अंकिता पाटिल अभी भी कांग्रेस में ही हैं।
अंकिता पाटिल 2014 के चुनाव के लिए प्रचार और सोशल मीडिया की प्रभारी थीं। बाद में उन्हें एक निजी चीनी उद्योग संघ के सदस्य के रूप में काम करने का अवसर मिला। राज्य में विधानसभा चुनाव के अवसर पर हर्षवर्धन पाटिल और अजीत पवार के बीच झगड़ा हुआ था। लोकसभा में सुप्रिया सुले का समर्थन करने के बावजूद, एनसीपी से इंदापुर विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने के विरोध में हर्षवर्धन पाटिल ने कांग्रेस छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने भाजपा के टिकट पर इंदापुर से चुनाव लड़ा लेकिन वह इस सीट पर दूसरी बार चुनाव हार गए थे।