मुजफ्फरनगर। उम्र महज साढ़े चार साल और याददाश्त हैरान करने वाली। यहां सूजडू में नानी के घर आई जकिया हयात सभी के बीच चर्चा का विषय बनी है। आसपास के लोग जकिया हयात के कायल हो गए हैं। महज साढ़े चार साल की बच्ची को देश-विदेश की पूरी जानकारी है. यही नहीं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का उत्तर याद है। जकिया हयात का कोरोना के कारण पिछले वर्ष स्कूल में प्रवेश नहीं हो पाया था। इस बार वह स्कूल जाएगी। कुछ बच्चों की याददाश्त बहुत अच्छी होती है। जकिया हयात भी ऐसी ही अनोखी बेटी हैं। जकिया हयात अपने नाना साबिर राणा और नानी तमन्ना के पास आई हुई है। जकिया के पिता मशकूर हयात मेरठ के खरखौदा ब्लॉक की बीआरसी पर कार्यालय सहायक हैं। मशकूर की दो बेटियां हैं. जकिया हयात और मायरा। जकिया के माता-पिता रोजाना सामान्य ज्ञान के छह प्रश्न पढ़ाते हैं. दिनभर वह इन्हें दोहराती है। एक वर्ष के अंदर जकिया को तमाम देशों की राजधानी, उत्तर प्रदेश के जनपद, विभिन्न चीजों के आविष्कार, विभिन्न वंश और युद्ध, राष्ट्रपति, देश के तमाम प्रधानमंत्रियों के नाम और धर्म समेत कई अन्य जानकारी हो चुकी है। संवाद