मोहाली (पंजाब). घरेलू हिंसा का शिकार केवल महिलाएं ही नहीं होती हैं, बल्कि पुरुष भी हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जालंधर के फिल्लौर थाने के अंतर्गत सामने आया है। सरकारी नौकरी करने वाले युवक की सोशल मीडिया पर एक युवती से दोस्ती हुई और दोनों के परिवारों की सहमति से लव मैरिज भी हो गई।
शादी के बाद युवक को पता चला कि उसकी पत्नी शराबी है और वह नशे के लिए कुछ भी कर सकती है। इसके बाद दोनों में विवाद रहने लगा। यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक दिन पत्नी ने सो रहे पति पर स्प्रिट डालकर आग लगा दी। इस वारदात में पति 40 फीसदी तक जल गया। इसके बाद पीड़ित पति इंसाफ के लिए आठ महीने से धक्के खा रहा है। लेकिन अभी तक उसे इंसाफ नहीं मिला।
पंजाब अगेंस्ट करप्शन के प्रधान सतनाम सिंह दाऊं की अगुवाई में मोहाली के रोज गार्डन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों से बातचीत में पीड़ित युवक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई है।
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह रेलवे में नौकरी करते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पत्नी के संपर्क में आया था, इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से लव मैरिज कर ली। इसी बीच उसकी पत्नी ने विवाह की पार्टी के बाद शराब की बोतलों की पेटी स्टोर से निकालकर अपने कमरे में रख ली थी।
इसके बाद उसे पता चला कि उसकी पत्नी शराब पीने की आदी है। इसके बाद भी उसने अपनी पत्नी की आदत के साथ समझौता कर लिया। लेकिन हद तो तब हो गई जब उसकी पत्नी ने नशे की पूर्ति करने के लिए घर के गहने तक बेच डाले। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इसके बाद उसने यह बात अपने सास-ससुर को बताई। लेकिन कोई उस पर विश्वास करने को तैयार नहीं था। इस पर दोनों में आपसी विवाद रहने लगा।
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि दोनों में इस बात को लेकर काफी बहस होती थी। इसके बाद 13 मई, 2020 की रात वह अपने घर में सोया था। इसी दौरान पत्नी ने उसके ऊपर स्प्रिट डालकर आग लगा दी। इस वारदात में वह 40 फीसदी तक जल गया।