हरिद्वार 30 नवम्बर। ब्रह्मलीन स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद की मांगों के समर्थन में मातृसदन आश्रम में 37 दिन से अनशन (तपस्या) पर बैठे ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद को प्रशासन की टीम ने जबरन उठा दिया।
स्वास्थ्य में गिरावट को देखते हुए उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद ने प्रशासन की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह प्रशासन के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराएंगे।
मातृसदन के ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद 24 अक्टूबर से तपस्यारत हैं। इस दौरान वह केवल पानी, नींबू, नमक और शहद ले रहे हैं। गत दिवस दोपहर बाद एसडीएम मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मातृसदन पहुंचे। प्रशासन की टीम ने जैसे ही ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद को उठाया मातृसदन के संतों ने उनका विरोध किया।